Ranchi : रांची से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में सफर कर रहे मुसाफिरों को उस वक्त परेशानी झेलनी पड़ी, जब राजधानी एक्सप्रेस अचानक रास्ते में ठहर गई। इंजन में तकनीकी खराबी आई और ट्रेन पिस्का स्टेशन पर करीब दो घंटे तक खड़ी रही। मंजिल तक जल्द पहुंचने की उम्मीद लगाये बैठे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। खबर है कि राजधानी एक्सप्रेस (12453/12454) रविवार शाम रांची स्टेशन से निर्धारित समय पर रवाना हुई थी। ट्रेन के प्रस्थान का समय शाम 5.15 बजे बताया गया है। लेकिन पिस्का स्टेशन पहुंचते ही इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद ट्रेन को रोकना पड़ा। रेलवे सूत्रों के अनुसार, तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद रांची से दूसरा इंजन भेजा गया। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की व्यवस्था की गई। इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो घंटे लग गये। लंबे समय तक स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के कारण यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा और दिल्ली पहुंचने के समय को लेकर चिंता बनी रही। निर्धारित समय के अनुसार, राजधानी एक्सप्रेस अगले दिन सुबह करीब 11.10 बजे दिल्ली पहुंचती है। लेकिन पिस्का स्टेशन पर करीब दो घंटे तक रुकने के कारण ट्रेन के गंतव्य तक पहुंचने में भी देरी की आशंका जताई गई।








