Bihar : पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने ऐलान किया है कि वो 9 जुलाई को पूरे बिहार में चक्का जाम, बिहार बंद करेंगे। वहीं चुनाव आयोग का घेराव करेंगे। उनका इल्जाम है कि बिहार के मतदाता पुनरीक्षण अभियान के पीछे ‘सरकारी षड्यंत्र’ है। पप्पू यादव ने कहा “अगर ज़रूरत पड़ी तो जान भी देंगे, लेकिन बिहार और बिहारी की अस्मिता से समझौता नहीं होगा।” पप्पू यादव ने चुनाव आयोग पर निष्पक्ष नहीं होने का इल्जाम लगाया। वहीं मामले में हाई कोर्ट में याचिका दाखिल करने की बात भी कही है। अपने X हैंडल पर पप्पू यादव ने जनता से भावुक अपील की “BLO हमारे अपने हैं, लेकिन सरकार के दबाव में हैं। उन्होंने खास तौर पर युवाओं, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों से कहा कि वे इस “षड्यंत्र” का विरोध करें। दरअसल बिहार में 25 जून से 26 जुलाई 2025 तक विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण चल रहा है। शुरुआत में सभी मतदाताओं के लिए दस्तावेज अनिवार्य किये गये थे। बाद में इसमें कुछ बदलाव किये गये। विपक्ष का आरोप है कि इससे गरीब, ग्रामीण और अल्पसंख्यक मतदाता वोटिंग लिस्ट से बाहर हो सकते हैं।
BJP सांसद संजय जायसवाल ने पप्पू यादव पर हमला बोलते हुए कहा “जो लोग पहले बूथ लूट कर जीतते थे, अब हार सामने देख रहे हैं, वही विधवा विलाप कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि 70–80 लाख नये मतदाताओं को ही दस्तावेज दिखाना होगा, बाकी को नहीं। वहीं JDU नेता नीरज कुमार ने चुनाव आयोग का समर्थन किया लेकिन सावधानी की सलाह भी दी” जिसे वोट देने का अधिकार है, वह किसी भी हाल में छूटना नहीं चाहिये। प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिये।”






