Hazaribagh (Ritesh Gupta) : हजारीबाग की चौपारण पुलिस ने पांच पशु तस्करों को दबोचा है। साथ ही अवैध मवेशी लदे तीन वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त गाड़ियों में कुल 55 मवेशी लदे थे। हजारीबाग पुलिस कप्तान मनोज रतन चोथे को बीती रात गुप्त सूचना मिली कि बिहार के मोहनिया से मवेशियों से लदे दो कंटेनर वाली गाड़ियां और एक 407 बंगाल जाने के लिए निकली है। जो झारखंड बॉर्डर क्रॉस करेगी। इन कंटेनरों में मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया है। मिली सूचना को पुलिस कप्तान ने गंभीरता से लिया। बरही एसडीपीओ नाजिर अख्तर को टीम बनाकर इन गाड़ियों को पकड़ने का टास्क दिया गया। टीम में बरही के सर्किल इंस्पेक्टर जगलाल मुंडा और चौपारण थानेदार शम्भू नन्द ईश्वर को भी शामिल किया गया।
गठित टीम ने चौपारण के चोरदाहा चेकपोस्ट पर रात के लगभग 2 बजे गाड़ियों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान दो कंटेनर वाली गाड़ियां आती दिखाई दी। उन गाड़ियों को एक 407 ट्रक स्कॉट कर रहा था। पुलिस को देखते ही गाड़ियां भागने लगी। पुलिस ने पीछा कर एक गाड़ी को पिपरा गांव और दो गाड़ियों को इंडियन ऑयल पेट्रोल पम्प के सामने जीटी रोड पर पकड़ा। गाड़ियों की तलाशी ली गई तो अंदर का नजारा देख पुलिस भी दंग रह गई। सभी गाड़ियों में मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने तीनों गाड़ियों को जब्त कर लिया। मवेशियों को मयूरहंड गौशाला में रखा गया है। वहीं 5 तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार तस्करों में चतरा का रहनेवाला मो. उमर (38), गया निवासी ड्राइवर मो. एकरार उर्फ मुन्ना (35), मो. कैफ कुरैशी (20), मो. शारिक कुरैशी (21), कैमूर भभुआ और मो. अनवर कुरैशी (38) तीनों कैमूर भभुआ के रहने वाले शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : सरकार की रहमत क्या बरसी, बच गई 2 बच्चियां, देखें कैसे…
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत सोरेन ने सभी विभागों का सेंट्रलाइज्ड डेटा सेंटर बनाने का दिया निर्देश
इसे भी पढ़ें : हे भगवान, रात में सांप-बिच्छु ना डंसे, किसी के पेट में दर्द ना उठे, देखें वीडियो












