Ranchi(Tamad)(Sandeep Banerjee) : भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रांची से सटे तमाड़ में जोरदार आक्रोश मार्च निकाला। रायडीह मोड़ से शुरू होकर यह मार्च तमाड़ प्रखंड कार्यालय तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घोर विरोध प्रदर्शन किया।
तमाड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश मार्च… देखें वीडियो #ranchi #bjp #jharkhand pic.twitter.com/YIBbBLsBfF
— KohramLive (@KohramLive) June 24, 2025
जनता की समस्याओं को लेकर भाजपा सड़कों पर
इस आक्रोश मार्च का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष महावीर सोनी और रड़गांव मंडल अध्यक्ष कालीचरण सिंह मुंडा ने किया। कार्यक्रम प्रभारी लक्ष्मण सिंह मुंडा ने कहा कि “झारखंड की ‘अबुआ सरकार’ हर मोर्चे पर विफल है। झूठे वादों पर बनी यह सरकार जनता के साथ विश्वासघात कर रही है।” उन्होंने चेतावनी देते हुये कहा कि यदि सरकार ने अपनी कार्यशैली नहीं बदली, तो भाजपा बड़ा जनांदोलन करेगी।
महिला मोर्चा उपाध्यक्ष ने साधा तीखा निशाना
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, “हेमंत सोरेन सरकार ने ‘मैया सम्मान योजना’ के नाम पर बहनों को धोखा दिया है। वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन की स्थिति बेहद खराब है। जमीन म्यूटेशन और प्रमाण पत्र जैसे कामों में घूसखोरी चरम पर है।”उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी घेरा और कहा कि वे बालू माफिया की कमाई में व्यस्त हैं, जबकि तमाड़ राजा बांध, इचाडीह की पुलिया और केनाल रोड जैसी जरूरी परियोजनाएं उपेक्षित हैं।
प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार पर नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रखंड और अंचल कार्यालयों में अफसरों की अनुपस्थिति और रिश्वतखोरी आम बात बन गई है। जनता को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, प्रमाण पत्र समय पर नहीं बनते और निर्माण कार्य ठप हैं।
प्रखण्ड कार्यालय में सौंपा गया मांग पत्र
मार्च के अंत में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा, जिसमें प्रशासनिक सुधार, घूसखोरी पर रोक, अवैध बालू खनन पर कार्रवाई, लंबित निर्माण कार्यों की जल्द शुरुआत और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस आक्रोश मार्च में जिप सदस्य दिलीप सेठ, समरेन्द्र मुखर्जी, विवेक गुप्ता, विष्णु पद महतो, सीता देवी, शशि कुमार महतो, भारती कुमारी, राजेन्द्र महतो, तुलसी मुंडा, प्रकाश सिंह मुंडा, देवेंद्र पुराण, रामधन हजाम, सोनाराम मुंडा समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।












