- IRCTC ने अपनी वेबसाइट को किया अपग्रेड, पेमेंट गेटवे IRCTC-iPay भी हुआ शुरू
कोहराम लाइव डेस्क : हमारे देश में ट्रेनें लाइफ लाइन कही जाती हैं। लाखों लोगों का रोजाना आना-जाना होता है। रेलवे अपने यात्रियों की सुविधाओं के लिए सतत प्रयासरत रहता है। समय पर लोगों को टिकट मिले, आरक्षण हो और यात्रियों को यात्रा में कोई परेशानी न हो, इसके लिए इंडियन रेलवे टूरिज्म एंड कैटरिंग कॉर्पोरेशन (IRCTC) की सेवा 24 घंटे उपलब्ध है। कभी-कभी ऐसी स्थिति का सामना यात्रियों को करना पड़ता है कि टिकट लौटाना पड़ जाता है। यात्रियों को टिकट लौटाने पर समय से उनके खाते में पैसे न जाने की शिकायत मिलती रहती है। अब उन्हें ऐसी शिकायत नहीं करनी पड़ेगी। रेलवे ने यात्रियों के लिए ट्रेन टिकट बुक करने से लेकर रिफंड तुरंत उनके खाते करने की व्यवस्था कर दी है। इसके लिए IRCTC ने अपनी वेबसाइट को अपग्रेड कर दिया है। पेमेंट गेटवे IRCTC-iPay भी शुरू किया है, ताकि यात्री इसका लाभ उठा सकें।
कैसे प्राप्त कर सकते हैं फायदा
IRCTC-iPay के तहत आईआरसीटीसी वेबसाइट/मोबाइल एप का जो लोग उपयोग करेंगे, उनको तत्काल रिफंड मिल जाएगा। इसके लिए यह जरूरी है कि आप अपने UPI बैंक खाते या भुगतान के दूसरे साधनों से डेबिट के लिए सिर्फ एक बार ही इजाजत दें। इसके बाद पेमेंट इंस्ट्रूमेंट आगे के ट्रांजैक्शन के लिए अधिकृत हो जाएगा। फिर जब भी आप टिकट कैंसिल करेंगे, रिफंड आपके खाते में तत्काल पहुंच जाएगा।
इसे भी पढ़ें : 27 जून को ही होगी UPSC पीटी परीक्षा
1 अप्रैल से शुरू हो सकता है सभी ट्रेनों का परिचालन
वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के कारण ट्रनों के बंद होने से करीब आठ महीने तक यात्रियों को घोर परेशानी का सामना करना पड़ा। महामारी की स्थिति में सुधार के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए फेजवाइज ट्रेनों के परिचालन की इजाजत मिली। कोविड 19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए स्पेशल ट्रेनों को चलाया गया। अभी भी गिनी-चुनी ट्रेनें ही चल रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यदि सब कुछ ठीकठाक रहा, तो पहली अप्रैल से पटरियों पर सभी ट्रेनें नियमित रूप से चल सकती हैं। जनरल, शताब्दी और राजधानी सभी तरह की ट्रेनों का परिचालन हो सकेगा।
मुंबई में चलने लगी हैं 95 परसेंट लोकल ट्रेनें
तमाम प्रयासों के बावजूद कोरोना महामारी के कारण रेलवे 65 परसेंट पैसेंजर ट्रेनों को ही चला रहा है। इनमें मेल और एक्सप्रेस सभी ट्रेनें शामिल हैं। मुंबई में 29 जनवरी से 95 परसेंट लोकल ट्रेनों की सेवाएं बहाल हो गई हैं।
इसे भी पढ़ें : रह-रह कर Bike बंद होने लगे, तो जानें क्या हैं खामियां






