Chouparan(Krishna Paswan) : श्री हनुमान प्राण प्रतिष्ठा के छठे वार्षिकोत्सव का शुभारंभ पर हजारों कलशधारी महिलाओं ने अपनी एकता और श्रद्धा का ऐसा अनुपम दृश्य झलकाया कि पूरा चौपारण क्षेत्र भक्ति की गंगा में गोते लगाने लगा। माथे पर कलश धारण किये, सफेद-लाल साड़ियों में सजी-धजी महिलाएं जब नगर भ्रमण पर निकलीं, तो नजारा ही कुछ और था। गढ़ काली मंदिर के प्रांगण से शुरू हुई यह यात्रा छठ तालाब तक पहुंची तो वहां का वातावरण मंत्रोच्चार और भक्तिगीतों से गूंज उठा। कलश में पवित्र जल भरकर जब ये सैकड़ों माताएं पुनः यज्ञ मंडप लौटीं, तो उनके चेहरों पर संतोष और श्रद्धा का अद्भुत तेज था।
महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज ने जब बजरंगी पताका फहराई तो ऐसा लगा मानो पूरी कायनात ने सनातन धर्म के जयकारे में अपनी आवाज मिला दी हो। उन्होंने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि महाकुंभ में जिस तरह सनातनियों ने अपनी आस्था का परिचय दिया है, उसी तरह हर क्षेत्र में अपने धार्मिक स्थलों के विकास और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। इस आयोजन में ना सिर्फ आस्था थी, बल्कि अद्भुत जीवंत झांकियां भी आकर्षण का केंद्र बनीं। दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती का स्वरूप लिये नन्ही बच्चियों ने जब नारी शक्ति का संदेश दिया तो लोगों की आंखें गर्व और श्रद्धा से नम हो गईं।
मेला स्थल पर लगे झूले, मिठाइयों की दुकानें, खिलौनों के स्टॉल और तरह-तरह के मनोरंजन के साधन हर किसी के मन को आनंदित कर रहे थे। वहीं, मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिये पुलिस का तगड़ा इंतेजाम था। आज से मानस प्रवचन का शुभारंभ होगा, जिसमें अयोध्या की प्रख्यात युवा विदुषी शिवांगी गोस्वामी के मुखारविंद से प्रवाहित होने वाली राम कथा भक्तों को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेगी। भक्तिमय माहौल में चौपारण का यह धार्मिक आयोजन हर सनातनी के हृदय में आस्था और विश्वास का दीप जलाने में सफल रहा।








