Ranchi : दिल्ली के एक होटल में भीषण अग्निकांड और बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित एक अस्पताल के ICU में लगी आग ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इन दर्दनाक हादसों के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने राज्य सरकार से सभी होटल, अस्पताल, मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की व्यापक अग्नि सुरक्षा जांच कराने की मांग की है। विजय शंकर नायक ने कहा कि दिल्ली के होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत और मुजफ्फरपुर के अस्पताल हादसे में 5 मरीजों की जान चली जाना बेहद दुखद, हृदयविदारक और चिंताजनक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुये घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों में दिल्ली के होटल में फायर सेफ्टी संबंधी गंभीर खामियां सामने आई हैं। होटल के पास वैध फायर NOC (Fire NOC) नहीं होने की बात भी उजागर हुई है। उन्होंने कहा कि यह घटना बताती है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी कितनी भयावह साबित हो सकती है। जब तक सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ फाइलों और कागजों तक सीमित रहेगी, तब तक ऐसी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी।
झारखंड में चलाया जाये विशेष अभियान
विजय शंकर नायक ने राज्य सरकार, नगर विकास विभाग, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की कि झारखंड में विशेष अभियान चलाकर सभी होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, अस्पताल, नर्सिंग होम, मॉल, बहुमंजिला व्यावसायिक भवन, कोचिंग संस्थान और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच की जाये। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाये कि सभी संस्थानों के पास वैध फायर एनओसी मौजूद हो और सुरक्षा उपकरण सिर्फ दिखावे के लिये न लगे हों।
मॉक ड्रिल और आपात व्यवस्था भी जरूरी
कांग्रेस प्रवक्ता का कहना है कि केवल एनओसी जारी कर देने से जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती। नियमित निरीक्षण, मॉक ड्रिल, इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता और कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि आग लगने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था हर संस्थान में अनिवार्य रूप से होनी चाहिये। नायक ने कहा कि झारखंड तेजी से शहरीकरण की दिशा में बढ़ रहा है। नये होटल, अस्पताल, मॉल और बहुमंजिला इमारतें लगातार बन रही हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिये समय रहते ठोस कदम उठाये जायें। कांग्रेस ने सरकार से राज्यव्यापी फायर सेफ्टी ऑडिट कराने और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी की है। उनका कहना है कि इससे लोगों का भरोसा बढ़ेगा और नागरिक खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे।
इसे भी पढ़ें : ब्राजील में बजा भारत की देसी चीज का डंका, PM मोदी भी हुये मुरीद…
इसे भी पढ़ें : IIT में निकली 80 पदों पर बंपर बहाली, 2 लाख रुपये से ज्यादा वेतन…
इसे भी पढ़ें : झारखंड कब पहुंचेगा मानसून, IMD का बड़ा अपडेट… जानें
इसे भी पढ़ें : लालू-राबड़ी का Z+ घेरा हुआ खत्म, तेज प्रताप को भी झटका… जानें
इसे भी पढ़ें : कांके में जमीन विवाद पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, दो महिलायें पहुंची जेल…







