UP : यूपी के लखीमपुर खीरी जिले का रेवाना गांव मातम के साये में डूब गया। जहां सात महीने का मासूम सौरभ, अपने ही पिता की नशेड़ी आदत का शिकार हो गया। गांव की चौपालों पर आज भी लोग सिसकते हुये कहते हैं, “काश उस दिन सतीश ने शराब न पी होती, तो एक मासूम सांसें न थमतीं।” बीते कल दोपहर के वक्त शराब में चूर सतीश कुर्सी पर बैठा था, पैरों पर उसका दुधमुंहा बेटा लेटा हुआ था। तभी शराबखोरी से तंग आ चुकी पत्नी ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। जिससे उसका संतुलन बिगड़ा, कुर्सी हिली और मासूम नीचे गिर पड़ा। सिर के बल गिरे सौरभ की सांसें वहीं थम गईं।
हैवानियत का मंजर
बेटे की मौत के बाद भी नशे में धुत सतीश का दिल न पसीजा। उसने मासूम की एक टांग पकड़कर उल्टा लटकाया और पूरे गांव में घुमाने लगा। गांव वालों ने यह दृश्य देखा तो रूह कांप उठी। किसी ने हिम्मत कर बच्चे को छीन लिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसमें सतीश को शराबी हालत में बच्चे की लाश को उल्टा लटकाते देखा जा सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मितौली थाना पुलिस ने सतीश को पकड़ लिया। बड़े भाई लालजी प्रसाद ने अपने ही छोटे भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।पुलिस ने सतीश को जेल भेज दिया। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पंद्रह साल का रिश्ता, टूटे सपने
करीब 15 साल पहले सतीश की शादी मूड़ा गांव में हुई थी। उसके दो बेटे थे। बड़ा बेटा (6 साल का) पहले से ही मामा-मामी के पास रह रहा है, क्योंकि मां का मानसिक संतुलन ठीक नहीं और पिता शराब का आदी है।
गांव वाले कहते हैं, “जिस घर को बेटे की किलकारियों से गूंजना था, वहां अब मातम पसरा है।”








