Kohramlive : मुट्ठी भर आटे को लेकर शुरू हुई कहासुनी का अंजाम भयावह हो गया, एक मां अपने दो बच्चों के साथ जहर खाकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। यह दिल दहला देने वाली घटना मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र स्थित अरवलिया गांव की है। यहां पारिवारिक विवाद के बाद 37 साल की महिला रुखसाना ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान मां और दोनों बच्चों की मौत हो गई।
पति की फटकार से टूट गई रुखसाना
पुलिस के मुताबिक, रुखसाना गृहिणी थी। उसके पति फहीम धार्मिक शिक्षा देने के साथ मैकेनिक की दुकान भी चलाते हैं। परिवार में 12 साल की बेटी और 8 साल का बेटा था। बेटी छठी और बेटा दूसरी कक्षा में पढ़ता था। खबर है कि शुक्रवार दोपहर फहीम के छोटे भाई की पत्नी यानी रुखसाना की देवरानी ने उससे थोड़ा आटा मांगा था। घर में आटा कम होने की बात कहकर रुखसाना ने देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। जब यह बात पति फहीम तक पहुंची तो उसने रुखसाना को सख्त लहजे में समझाया और फटकार लगा दी। पति की नाराजगी से रुखसाना आहत हो गई। मामूली घरेलू विवाद और उसके बाद हुई कहासुनी ने उसके मन पर कितना गहरा असर डाला, इसका अंदाजा परिवार को भी नहीं था। शनिवार दोपहर फहीम अपनी मैकेनिक दुकान पर था। इसी दौरान घर में मौजूद रुखसाना ने गेहूं में रखने वाला सल्फास पानी में मिला लिया। पुलिस के अनुसार, उसने पहले अपनी 12 साल की बेटी और 8 साल के बेटे को वह जहरीला पानी पिलाया और फिर खुद भी पी लिया। कुछ देर बाद जब घटना की जानकारी रिश्तेदारों और पड़ोसियों को मिली तो घर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिये हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर फहीम भी अस्पताल पहुंचा। शनिवार देर रात रुखसाना ने दम तोड़ दिया। इसके बाद रविवार तड़के उसकी बेटी और बेटे की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इधर, पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में देवरानी से आटा मांगने को लेकर हुये विवाद और पति की फटकार से नाराज होकर महिला द्वारा यह कदम उठाने की बात सामने आई है।




