Ranchi : बुधवार देर रात बिजली के तार की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई। घटना बेड़ो थाना के वन क्षेत्र के पुरना पानी नगड़ी टोली गांव के तरिया नामक जगह पर घटी। आसपास के लोगों ने बताया कि वन क्षेत्र के गांव के पास हाथी के आने-जाने का कोरिडोर है। इसी रास्ते में हाई टेंशन बिजली का तार काफी नीचे झूल रहा है। इस दौरान हाथी का सिर तार के संपर्क में आ गया और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद स्थानीय थाना, वन विभाग और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
गुरूवार सुबह जैसे ही हाथी की मौत की सूचना मिली, पूरा गांव घटनास्थल पर उमड़ पड़ा। गांववालों का कहना है कि ये घटना वन विभाग और बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुआ। गांव के पास बने कॉरिडोर से हाथियों का झुंड आना-जाना करता है। इसके बावजूद न वन विभाग की टीम को नीचे झूल रहे बिजली की तार की फिक्र की और ना ही बिजली विभाग ने। नतीजतन एक विशालकाय हाथी उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
गांव की महिलाओं ने हाथी को सिंदूर, तेल लगाकर और धूप-अगरबत्ती जला पूजा भी की। हाथी के समक्ष धूप-अगरबत्ती जलाकर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। ऐसा करने के पीछे ग्रामीणों की एक मान्यता है। हाथी की मौत होने के बाद उसके साथी और भी उग्र हो जाते हैं और वो गांव के लोगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : मनोज यादव हत्याकांड में संलिप्तता से TSPC का इनकार, लिखी ये बात…
इसे भी पढ़ें : BREAKING : पंडरा बाजार समिति की 4 दुकानों में लगी भीषण आग (देखें VIDEO)










