Bihar : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नामांकन के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुये उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि बीते दो दशकों में नीतीश कुमार के नेतृत्व ने बिहार को जंगलराज से निकालकर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया। उन्होंने यह भी कहा कि उनका अनुभव और नीति निर्माण की समझ राज्यसभा की कार्यवाही को और प्रभावी बनायेगी। शाह ने उनकी नई पारी के लिये शुभकामनाएं देते हुये कहा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति से NDA के ‘सबका साथ, सबका विकास’ संकल्प को और मजबूती मिलेगी। नामांकन के बाद स्टेट गेस्ट हाउस में भाजपा और जदयू नेताओं की बैठक हुई। इसके बाद अमित शाह दिल्ली रवाना हो गये। दिलचस्प बात यह रही कि उनके साथ जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह भी दिल्ली गये। दोनों नेताओं का एक साथ दिल्ली जाना पटना के राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे गया। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने साफ कहा कि राज्यसभा जाना नीतीश कुमार का अपना फैसला है। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार में जो भी सरकार बनेगी, वह नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बनेगी। NDA के राज्यसभा उम्मीदवार और RLM प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि NDA के सभी पांच उम्मीदवारों की जीत तय है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना उनका निजी फैसला है और हर कोई उनके इस निर्णय का सम्मान करता है। बिहार के डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास और सुशासन को नई दिशा दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश के उच्च सदन में उनका अनुभव पूरे देश के लिये लाभदायक होगा। भाजपा नेता नीतिन नवीन ने कहा कि बिहार मेरी जमीन है और इसे सींचते रहना मेरी जिम्मेदारी है। जदयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने कहा कि नीतीश युग का कभी अंत नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जिस तरह कर्पूरी ठाकुर और चौधरी चरण सिंह आज भी याद किये जाते हैं, उसी तरह नीतीश कुमार का नाम भी आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।
इसे भी पढ़ें : रांची में 4 महीने बाद खुला ब्लाइंड म’र्डर का राज…









