UP : यूपी के मैनपुरी में कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड और गलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। देर शाम से छाया घना कोहरा मंगलवार सुबह भी बना रहा, जिससे दृश्यता घटकर महज 20–30 मीटर रह गई। ठंडी हवाओं ने गलन बढ़ा दी। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालात को देखते हुये जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में 24 से 30 दिसंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है। इससे पहले स्कूलों का समय घटाकर 10 से 3 बजे किया गया था, लेकिन ठंड कम न होने पर यह फैसला लिया गया। मंगलवार को 11 बजे के बाद निकली हल्की धूप से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली।
मौसम विशेषज्ञ नरेंद्र कुमार वर्मा के अनुसार 24–25 दिसंबर को तापमान 11–12 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि 26 दिसंबर से फिर गिरावट और घने कोहरे की आशंका है। कोहरे का असर यातायात पर भी साफ दिखा। बसें करीब एक घंटे की देरी से चलीं, वहीं ट्रेनें कई घंटे लेट रहीं।






