UP : सैफई का आसमान मंगलवार को खुशियों के रंग में रंगा दिखाई दिया। समाजवादी कुनबे के आंगन में शादी के नगाड़े ऐसे गूंजे कि पूरा इलाका उत्सव से थिरक उठा। सपा मुखिया अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव ने लद्दाख की रहने वाली सुप्रीम कोर्ट की वकील सेरिंग के साथ सात फेरे लिये। शादी की सबसे खास बात यह रही कि बारात लेकर डिंपल यादव खुद पहुंचीं। विवाह की रस्म पूरी होते ही पूरा यादव परिवार एक साथ मंच पर नजर आया, रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, अखिलेश यादव, आदित्य यादव, धर्मेंद्र यादव। फेरे के बाद जब आर्यन और सेरिंग हाथ जोड़कर आशीर्वाद ले रहे थे, तभी बगल में खड़े ताऊ रामगोपाल यादव मुस्कुराते हुये बोले, “अरे बेटा, सिर्फ हाथ जोड़ोगे? पैर छूकर आशीर्वाद लो!” दोनों नवदम्पत्ति हंसते हुये झुक गये। यह पल पूरे पंडाल में मुस्कुराहट बांट गया।
50 हजार मेहमान, 600 फीट का स्टेज
शादी का शानदार आयोजन देखने लायक था, 50 हजार मेहमानों के भोजन का इंतजाम किया गया था। 600 फीट लंबा विशाल स्टेज और 8 विशाल फूड ब्लॉक बनाये गये थे। दिल्ली, फिरोजाबाद, लखनऊ और इटावा के कारीगर इमरती, काला जाम, पनीर-छोले, इटावा के फेमस आलू, कुल 10 खास व्यंजन बनाये। 1500 VIP मेहमानों के लिये स्पेशल डिश अलग से बनाई गई थी। लद्दाख से आये दुल्हन पक्ष के लोगों के लिये होटल से विशेष भोजन मंगवाया गया।
आर्यन की विदेश-शिक्षित प्रोफाइल
आर्यन, मुलायम सिंह के तीसरे भाई दिवंगत राजपाल सिंह यादव के बेटे हैं। इटावा से शुरुआती पढ़ाई हुई। डीपीएस नोएडा →दिल्ली यूनिवर्सिटी → कार्डिफ यूनिवर्सिटी (UK) से हुई। मास्टर ऑफ कॉमर्स, यूनिवर्सिटी ऑफ सिडनी (2019)
यही कड़ी उन्हें अखिलेश यादव से भी जोड़ती है, जिन्होंने भी सिडनी से हायर एजुकेशन ली थी। वहीं, दुल्हन सेरिंग, सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट की प्रैक्टिसिंग वकील है। लद्दाख के जानी-मानी हस्ती रिंगजन अंगचुक की बेटी है। दुल्हन पक्ष तीन दिन पहले ही सैफई पहुंच गया था। पारम्परिक रीति-रिवाज के बीच हल्दी, भात और मेहंदी की रस्में धूमधाम से हुईं।
अखिलेश और डिंपल ने बड़े भाई-भाभी के रूप में हर रस्म में बढ़-चढ़कर भूमिका निभाई। शादी में राजनीति की हर धड़कन दिखाई दी, अब्बास अंसारी, अफजाल अंसारी, मोहिबुल्लाह नदवी, सपा के तमाम सांसद-विधायक एवं योगी सरकार के मंत्री दिनेश सिंह भी शादी में पहुंचे। अखिलेश यादव ने उनका ससम्मान स्वागत किया।






