UP : बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के आवास पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग का खौफ अभी मिटा भी नहीं था कि गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी से आई खबर ने पूरे उत्तर भारत को हिला दिया। यूपी STF और दिल्ली स्पेशल सेल की संयुक्त कार्रवाई में शूटर रविंद्र उर्फ बिंदर और अरुण को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया था। लेकिन इस मुठभेड़ के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर नया खेल शुरू हो गया। मुठभेड़ की रात ही अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से बने एक फेसबुक अकाउंट से ऐसा पोस्ट किया गया जिसने माहौल में जहर घोल दिया। पोस्ट में लिखा गया कि “ये एनकाउंटर हमारे जीवन की बहुत बड़ी क्षति है। भाइयों ने धर्म के लिये बलिदान दिया है। यह एनकाउंटर नहीं, सनातन की हार है। हम अपने शहीद भाइयों के लिये वो कर सकते हैं जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता। जिसकी भी इसमें भूमिका है, चाहे कितना भी ताकतवर हो, उसे माफी नहीं।” पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह पोस्ट महज एक धमकी नहीं, बल्कि समाज की भावनाओं को भड़काने की खतरनाक साजिश है। फिलहाल इस आईडी की जांच जारी है कि यह असली है या किसी ने गैंग का नाम लेकर अफवाह फैलाने की कोशिश की है।
यूपी पुलिस का सख्त रुख
यूपी के ADG कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने मीडिया से साफ कहा, “मुख्यमंत्री का निर्देश है कि भय फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाये। अपराध के प्रति हमारी जीरो टॉलरेंस नीति है। कोई इसे परखेगा तो पुलिस और सख्ती से निपटेगी।” उन्होंने यह भी बताया कि गिरोह तक हथियार पहुंचाने वाली सप्लाई चेन की जांच शुरू हो चुकी है। सूत्र बताते हैं कि लारेंस विश्नोई, गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग के सैकड़ों शूटर अत्याधुनिक हथियारों से लैस रहते हैं। पुलिस लगातार कार्रवाई करती है, पर विदेश में बैठे गैंगस्टर नये मोहरे तलाश कर बदला लेने की कोशिश करते रहते हैं।






