Kohramlive : दुनिया के सबसे सुरक्षित और चर्चित भवनों में शामिल अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास व्हाइट हाउस इन दिनों एक अलग ही वजह से सुर्खियों में है। इस बार चर्चा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पोती काई ट्रंप के एक ब्लॉग वीडियो की है। काई ट्रंप ने व्हाइट हाउस के भीतर का एक ऐसा वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने भवन के कई ऐसे हिस्सों की झलक दिखाई है, जिन्हें आम तौर पर जनता बहुत कम देख पाती है।
ग्राउंड फ्लोर से लेकर सेकेंड फ्लोर तक का सफर
वीडियो की शुरुआत व्हाइट हाउस के ग्राउंड फ्लोर से होती है, जहां से काई दर्शकों को धीरे-धीरे पूरे भवन का वर्चुअल टूर कराती हैं। इसके बाद वह सेकेंड फ्लोर तक जाती हैं और वहां मौजूद विभिन्न कमरों की झलक दिखाती हैं। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक लिंकन बेडरूम का भी जिक्र किया, जहां उनके अनुसार वह स्वयं समय बिता चुकी हैं। काई ट्रंप ने अपने वीडियो में व्हाइट हाउस के कई प्रतिष्ठित कमरों को दिखाया, जिनमें, रेड रूम (लाल रंग की दीवारों वाला कमरा) एवं ब्लू रूम (नीले रंग की भव्य सजावट वाला कमरा) ये दोनों कमरे अपनी ऐतिहासिक और औपचारिक भव्यता के लिये जाने जाते हैं और अक्सर राजकीय मेहमानों की मेजबानी के लिये उपयोग किये जाते हैं।
जिम, बॉलिंग एली और गोल्फ सिमुलेटर की झलक
वीडियो में काई ट्रंप ने व्हाइट हाउस के आधुनिक और निजी हिस्सों को भी दिखाया, जिनमें जिम, बॉलिंग एली, गोल्फ सिमुलेटर रूम, प्राइवेट ड्रेसिंग रूम शामिल हैं। इन हिस्सों की झलक आम तौर पर सार्वजनिक नहीं की जाती, जिससे यह वीडियो और भी ज्यादा चर्चा में आ गया है। वीडियो का सबसे चर्चित हिस्सा रहा ओवल ऑफिस, जिसे काई ने विस्तार से दिखाया। उन्होंने बताया कि यहां हर ओर गोल्डन डेकोरेशन देखने को मिलता है। दीवारों से लेकर सजावटी वस्तुओं तक, सब कुछ सुनहरी चमक में नजर आता है। काई ने यह भी कहा कि उनके दादा डोनाल्ड ट्रंप को गोल्ड काफी पसंद है, इसलिये कई जगहों पर गोल्डन इंटीरियर दिखाई देता है। वीडियो में राष्ट्रपति की डेस्क, गोल्डन ट्रे और पेन, गोल्ड कोस्टर्स, डाइट कोक बटन, भव्य पेंटिंग्स भी नजर आते हैं। काई ट्रंप के इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। लोग व्हाइट हाउस के अंदरूनी हिस्सों की इस दुर्लभ झलक को लेकर उत्सुकता और आश्चर्य दोनों जता रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : नशे के नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी चोट…
इसे भी पढ़ें : बारलोंग हा’दसे के बाद कोयला जब्ती पर पुलिस ने रखा पूरा सच…
इसे भी पढ़ें : गढ़वा में विकास की नई रूपरेखा तैयार… जानें
इसे भी पढ़ें : करीब 50 हजार शिक्षक पद रिक्त, क्या बोले प्रतुल… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : झारखंड के सरकारी स्कूलों में रसोइयों के लिये ड्रेस कोड लागू…








