Ranchi : घर से निकलते वक्त शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि पांच मिनट में लौटने का वादा करने वाली 17 साल की बेटी फिर कभी वापस नहीं आयेगी। शाम ढली, इंतजार बढ़ा और परिवार की बेचैनी गहराती गई। तलाश शुरू हुई, लेकिन बेटी का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार, रांची के मुरी इलाके में जंगल-झाड़ियों के बीच उसका शव मिला। इस दर्दनाक घटना ने इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को किशोरी घर से निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं आने पर पिता ने मुरी ओपी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला गंभीरता से लिया और SIT गठित की। रात करीब 9:35 बजे मारदू गांव के छापरगढ़ा स्थित जंगल से किशोरी का शव बरामद किया गया। जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 23 साल के भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो को गिरफ्तार किया।
छोटे भाई को भी किया घायल
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने किशोरी को फोन कर बुलाने, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और उसके छोटे भाई को पत्थर से मारकर घायल करने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले को दुष्कर्म और हत्या से जुड़ा मानकर जांच कर रही है। मौके से किशोरी का मोबाइल, चप्पल और कपड़े समेत अन्य सामान बरामद किये गये हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया है। एक परिवार की उम्मीदें मातम में बदल गईं। जिस बेटी के घर लौटने का इंतजार हो रहा था, वह अब कभी दरवाजे पर दस्तक नहीं देगी। पुलिस की कार्रवाई के बीच परिवार को अब न्याय का इंतजार है।








