Hazaribagh : गर्म हवाओं के बीच, जब मंदिरों की घंटियों की आवाज दिलों में भक्ति की लहर दौड़ायेगी और हर गली-मोहल्ले में “जय श्रीराम” के जयघोष की गूंज उठेगी, तब प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने मोर्चे पर तैनात रहेगा। जुलूस मार्गों के सत्यापन और विधि-व्यवस्था को लेकर हजारीबाग की DC नैंसी सहाय की अध्यक्षता में हाई लेवल मीटिंग हुई। मीटिंग में पुलिस कप्तान से लेकर नगर आयुक्त तक सभी आला अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि इस बार रामनवमी के जुलूस में अनुशासन, सुरक्षा और समर्पण की मिसाल कायम हो।
डीजे और भड़काऊ गानों पर सख्ती: धर्म की आस्था में किसी तरह की बाधा न आये, इसके लिये प्रशासन ने DJ और भड़काऊ गानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। भक्तिपूर्ण माहौल बनाये रखने के लिये बजाये जाने वाले गानों का प्रमाणीकरण आवश्यक होगा।
ड्रोन और CCTV की पैनी निगरानी: शहर के हृदयस्थल से गुजरने वाले जुलूस मार्गों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिये ड्रोन से निगरानी रखी जायेगी। वहीं, संवेदनशील इलाकों में CCTV कैमरे लगाये जायेंगे, ताकि हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर बनी रहे।
मेडिकल कैंप और अग्निशमन दल तैनात: प्रशासन ने गर्मी को ध्यान में रखते हुये सभी महत्वपूर्ण मार्गों पर मेडिकल कैंप स्थापित करने के निर्देश दिये हैं। वहीं, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिये फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस स्टैंडबाय पर रहेंगी।
बैरिकेडिंग और ट्रैफिक प्लान: जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अनियंत्रित भीड़ या अव्यवस्था को रोकने के लिये लोहे की बैरिकेडिंग की जायेगी। ट्रैफिक प्लान को भी व्यवस्थित किया जायेगा, ताकि शहरवासियों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नज़र: अफवाहों और भ्रामक खबरों को फैलने से रोकने के लिये प्रशासन सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखेगा। किसी भी भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जायेगी।
सौहार्द और अनुशासन के साथ होगी भव्य शोभायात्रा: प्रशासन ने सभी समितियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे संयम और अनुशासन बनाये रखते हुये इस पर्व को ऐतिहासिक बनायें।






