Kohramlive : हरियाणा के वरिष्ठ IPS अधिकारी और ADGP वाई पूरण कुमार का अंतिम संस्कार बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-25 श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ कर दिया गया। इससे पहले चार घंटे तक पोस्टमार्टम चला, जिसके बाद पार्थिव शरीर को सेक्टर-24 स्थित सरकारी आवास लाया गया और वहां से अंतिम यात्रा निकाली गई।श्मशान घाट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। पुलिस की भारी तैनाती और अफसरों की चुप्पी साफ इशारा कर रही थी कि मामला जितना संवेदनशील है, उतना ही पेचीदा भी। अंतिम संस्कार में IAS पंकज अग्रवाल और राज नारायण कौशिक भी मौजूद रहे। PGI चंडीगढ़ की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पोस्टमार्टम विधिवत गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा किया गया। पूरी प्रक्रिया बैलिस्टिक एक्सपर्ट, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के साथ हुई। रिपोर्ट अब SIT को सौंप दी गई है, जो मामले की जांच कर रही है। IAS अफसर और पूरण कुमार की पत्नी अमनीत पी कुमार ने कहा कि उन्होंने निष्पक्ष जांच और आरोपी अफसरों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद पोस्टमार्टम की सहमति दी। उन्होंने कहा, “मुझे न्यायपालिका और पुलिस पर भरोसा है। जांच पेशेवर, पारदर्शी और समयबद्ध हो, यही मेरी अपेक्षा है।”










