Chatra : बीती देर चतरा में शाम अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर नवोदय विद्यालय के पास चिरैतवा इलाके की है। बताया जा रहा है कि हजारीबाग के केरीडारी थाना क्षेत्र स्थित सलगा गांव का करमजीत कुमार उर्फ विकास साव चतरा व्यवहार न्यायालय में एक मामले में गवाही देने आया था। गवाही के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान बोलेरो पर सवार अज्ञात अपराधियों ने उसका पीछा किया और धमधमा गांव के पास पहुंचते ही उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधियों की गोली युवक को तीन जगह लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सदर थानेदार अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन हर एंगल से जांच जारी है।










