Kohramlive : श्रीलंका में भारी तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ अब तेज़ी से दक्षिण भारत के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के लिए भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं और शहरी बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश शुरू भी हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, दितवाह इस वक्त श्रीलंका और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास सक्रिय है और 30 नवंबर की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु–पुडुचेरी तट के करीब पहुंच सकता है। IMD डायरेक्टर जनरल डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि तूफान चेन्नई से करीब 480 किमी दक्षिण में है और लगातार उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके और तेज होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र में भारी बारिश, पेड़ गिरने और बिजली कटौती जैसे हालात बन सकते हैं। कई जगहों पर शहरी बाढ़, निचले इलाकों में पानी भरने और पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़ की आशंका हो रही है। तेज हवाओं से फूस व कच्चे मकानों, होर्डिंग्स और खड़ी फसलों को नुकसान का खतरा हो सकता है। 29–30 नवंबर को समुद्र बेहद उग्र रहेगा, इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी दी गई है। IMD ने लोगों से जरूरत न होने पर घर से बाहर न निकलने, यात्रा टालने और तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उम्मीद है कि 30 नवंबर के बाद चक्रवात उत्तर की ओर बढ़ते हुये धीरे-धीरे कमजोर पड़ जायेगा। उधर श्रीलंका में इस तूफान से अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत ने मानवीय मदद के लिए ऑपरेशन ‘सागर बंधु’ शुरू कर दिया है।






