Kohramlive : रोजी-रोटी की उम्मीद लेकर मजदूर सड़क पर काम करने उतरे थे। किसी को घर लौटकर बच्चों का हाल पूछना था, तो किसी के इंतजार में परिवार की आंखें दरवाजे पर लगी थीं। लेकिन रविवार का दिन कई परिवारों के लिये ऐसा जख्म छोड़ गया, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा। पंजाब के संगरूर जिले में एक तेज रफ्तार बेकाबू कार मजदूरों के लिये मौत बनकर दौड़ी और देखते ही देखते नौ जिंदगियां खत्म हो गईं। यह दर्दनाक हादसा लहरागागा-जाखल मार्ग पर गांव अलीशेर और चोटियां के नजदीक हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त करीब 23 महिला और पुरुष मनरेगा मजदूर सड़क निर्माण कार्य में जुटे हुये थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर वहां काम कर रहे मजदूरों को कुचलती चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
पलभर में मातम में बदल गईं परिवारों की खुशियां
हादसे में नौ मजदूरों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। बताया जा रहा है कि मृतकों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं। हालांकि, फिलहाल मृतकों की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित परिवारों में मातम पसरा है और अपनों को खोने के दर्द ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राहत और बचाव कार्य भी तेजी से चलाये जाने की जानकारी है। खबर लिखें जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी।








