Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के पोखर गड़ा उत्क्रमित उच्च विद्यालय का वातावरण आज कुछ खास था। आम दिनों की तरह बच्चों की किताबें नहीं, बल्कि न्याय, अधिकार और जागरूकता की चमक वहां महसूस हो रही थी। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA), रांची के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष DLSA गढ़वा मनोज प्रसाद तथा सचिव निभा रंजना लकड़ा के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण कानूनी जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत में सचिव निभा रंजना लकड़ा ने बच्चों को वर्तमान समय में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों से आगाह किया। उन्होंने बड़े सहज शब्दों में समझाया कि अपराध से बचना कैसे है, सावधानियां क्या हैं, और कानून कैसे हमारी ढाल बनता है। इसके बाद लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC) के चीफ प्रवीन्द कुमार साहु ने कानूनी साक्षरता की अहमियत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उनकी बातें बच्चों के मन में जिज्ञासा जगाने वाली थीं, कानून क्या है? यह क्यों ज़रूरी है? हम सब इसके संरक्षक कैसे बन सकते हैं? इसी कड़ी में LADC उत्तम कुमार भारती बच्चों के संवैधानिक अधिकारों पर बोले। उन्होंने बच्चों से कहा कि “अधिकार आपको ताकत देते हैं और जागरूकता आपके सपनों को सुरक्षा।” कार्यक्रम का सबसे उत्साहजनक हिस्सा था निबंध और ड्राइंग प्रतियोगिता। विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। करीब 50 विद्यार्थियों ने निबंध प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उनकी लिखी पंक्तियों में कानून की नई समझ, अधिकारों का ज्ञान और समाज के प्रति जिम्मेदारी की झलक साफ दिखाई दी।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य आफताब आलम ने कार्यक्रम के लिये DLSA गढ़वा टीम को धन्यवाद देते हुये कहा कि
“ऐसी पहल बच्चों के भविष्य में सतर्कता और समझदारी की बुनियाद रखती हैं।” कार्यक्रम में शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और समुदाय की सक्रिय भागीदारी ने इस प्रयास को सराहनीय सफलता दिलाई। पैरा लीगल वॉलंटियर्स मुरली श्याम तिवारी और रामाशंकर चौबे ने कार्यक्रम के संचालन और जागरूकता अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।






