Ranchi : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र के रातू चट्टी में स्थित बड़ा तालाब में एक महिला ने जान देने के इरादे से छलांग लगा दी। तालाब किनारे मौजूद स्थानीय युवकों ने जैसे ही यह मंजर देखा, बिना एक पल गंवाये पानी में कूद पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना बीते कल दोपहर करीब 1:30 बजे की है। तालाब से बाहर निकाले जाने के बाद महिला काफी सदमे में थी और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी। काफी समझाने-बुझाने के बाद उसने अपनी पहचान भारती कुमारी सिंह के रूप में बताई।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने दो बच्चों के साथ रातू आमांड में किराये के मकान में रहती है। उसका पति प्रमोद सिंह रोजी-रोटी कमाने के लिए गुरुग्राम में है। इल्जाम है कि पति लंबे समय से न तो परिवार की कोई सुध ले रहा है और न ही बच्चों के खर्च के लिए पैसे भेज रहा है। महिला के मुताबिक लगातार आर्थिक तंगी और बच्चों के पालन-पोषण की चिंता ने उसे इस कदर तोड़ दिया कि उसने अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






