Ranchi : रांची की समाजसेविका रानी कुमारी ने मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत वोट है और वोट की शुद्धता के लिए सही मतदाता सूची होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत BLO घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान नाम, पता, उम्र और फोटो की जांच की जा रही है। मतदाताओं को इस प्रक्रिया में पूरा सहयोग करना चाहिये।
रानी कुमारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य फर्जी वोटिंग पर रोक लगाना, मृत मतदाताओं के नाम हटाना, एक व्यक्ति का नाम दो जगह होने से रोकना, नये 18+ मतदाताओं को जोड़ना और मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करना है। इससे निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित चुनाव सुनिश्चित होंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि BLO के आने पर सत्यापन फॉर्म अवश्य भरें, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करायें और नये मतदाता फॉर्म-6 तथा पता परिवर्तन की स्थिति में फॉर्म-8A भरकर जानकारी अपडेट करें। साथ ही मृत या स्थानांतरित मतदाताओं की सूचना भी दें।
रानी कुमारी ने स्पष्ट किया कि SIR की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल चुनाव आयोग की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। उन्होंने मतदाताओं से 29 जुलाई 2026 तक निर्धारित प्रपत्र भरकर जमा करने और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने की अपील की।






