UP : जिस उम्र में हाथों में किताबें होनी चाहिये थीं, आंखों में सुनहरे सपने और होठों पर बचपन की बेफिक्र मुस्कान, उस उम्र में एक बच्ची को मां बनने की पीड़ा से गुजरना पड़ा। महज 13 साल की उम्र में उसने एक नवजात बच्ची को जन्म दिया है। यूपी के रायबरेली से सामने आई इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया। रायबरेली के एक अस्पताल में 13 साल की नाबालिग ने बच्ची को जन्म दिया है। पीड़िता मूल रूप से अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने अपने ही एक रिश्तेदार पर दुष्कर्म का बड़ा इल्जाम लगाया था। पुलिस इस मामले में पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फिलहाल किशोरी और उसकी नवजात बच्ची अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
अपनों के बीच ही टूटा भरोसा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने अपने रिश्तेदार पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। खबर है कि आरोपी रिश्ते में उसके चचेरे मामा का बेटा है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान किशोरी ने आरोपी के साथ रहने और उससे शादी करने की बात कही थी। हालांकि, उसकी उम्र महज 13 साल होने के कारण कानून के तहत यह मामला नाबालिग के साथ यौन अपराध की श्रेणी में आता है। भारतीय कानून में 18 साल से कम उम्र के बच्चे की यौन संबंधों के लिये दी गई सहमति कानूनी रूप से मान्य नहीं होती। इसी आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की।








