Dhanbad : धनबाद में होमगार्ड की वर्दी पहनने का सपना देख रहे एक युवक को कथित तौर पर 500 रुपये लेकर फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र थमा दिया गया। मामले का खुलासा होते ही प्रशासन हरकत में आ गया। SDM लोकेश बारंगे ने पाथरकुआं पंचायत भवन में संचालित प्रज्ञा केंद्र पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया। वहीं, केंद्र संचालक की सीएससी आईडी निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यह मामला निरसा थाना क्षेत्र के बड़बाड़ी गांव निवासी कृष्णपद सोरेन का है। कृष्णपद ने होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के दौरान अपना आवासीय प्रमाण पत्र जमा किया था। लेकिन दस्तावेजों के सत्यापन के समय अंचल कार्यालय कालियासोल के अधिकारियों को प्रमाण पत्र की वैधता पर संदेह हुआ। इसके बाद झारसेवा पोर्टल पर दस्तावेज की ऑनलाइन जांच कराई गई। जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने अधिकारियों को भी चौंका दिया। जिस आवासीय प्रमाण पत्र को सरकारी दस्तावेज समझकर जमा किया गया था, वह अंचल कार्यालय से कभी जारी ही नहीं हुआ था। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, संबंधित आवेदन त्रुटियों के कारण लंबित था अथवा वापस कर दिया गया था। इसके बावजूद अभ्यर्थी को डिजिटल हस्ताक्षर वाला कथित फर्जी प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।
2023 में दिये थे 500 रुपये, बदले में मिला फर्जी दस्तावेज!
अभ्यर्थी कृष्णपद सोरेन ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने गांव के ही CSC संचालक अभिजीत दास के माध्यम से आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने के लिये आवेदन किया था। इसके एवज में उन्होंने संचालक को 500 रुपये भी दिये थे। आरोप है कि बाद में उन्हें ऐसा प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया, जो देखने में बिल्कुल सरकारी दस्तावेज जैसा था। कृष्णपद को शायद अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि जिस कागज को वह अपनी नौकरी की राह आसान बनाने वाला दस्तावेज समझ रहे हैं, वही एक दिन उनके भविष्य के सामने सवाल खड़ा कर देगा। होमगार्ड बहाली के दौरान जब दस्तावेज की जांच हुई, तब कथित फर्जीवाड़े की परतें खुलने लगीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।SDM लोकेश बारंगे, CO अशोक कुमार सिन्हा और DPO यूआईडी अमित कुमार की टीम ने पाथरकुआं पंचायत भवन में संचालित कॉमन सर्विस सेंटर यानी प्रज्ञा केंद्र पर छापेमारी की।जांच के बाद केंद्र को सील कर दिया गया। साथ ही संचालक अभिजीत दास की सीएससी आईडी रद्द करने की अनुशंसा की गई है।








