Ranchi : महज एक हॉर्न की आवाज और फिर गाली-गलौज, मारपीट और देखते ही देखते खूनी खेल! सड़क पर शराब पीने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। राजधानी रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र के रांगामाटी में हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां चाकू से किये गये हमले में 25 साल के कांग्रेस महतो की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुये चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
शराब की महफिल के बीच पहुंची कार, हॉर्न बजाने पर भड़का विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 8 नवंबर की रात करीब 8.30 बजे की है। रांगामाटी स्थित सरकारी शराब दुकान के पास कुछ युवक सड़क पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां से एक कार गुजरी, जिसमें सवार लोगों ने रास्ते से हटने के लिए हॉर्न बजाया। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि हॉर्न बजाने के बावजूद सड़क पर बैठे युवक रास्ते से नहीं हटे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। बताया गया कि कुछ देर बाद दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ। इसी दौरान कांग्रेस महतो पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल कांग्रेस को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसों की डोर टूट गई। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया। मृतक की पत्नी पूजा कुमारी के बयान पर केस दर्ज किया गया। पकड़े गये अभियुक्तों के नाम बिट्टू गुप्ता (रांगामाटी, तमाड़), टिंकु दास (नावाडीह, ईचागढ़), गुरूपदो मुंडा (नावाडीह, ईचागढ़), निखिल भूमिज (नावाडीह, ईचागढ़) बताये गये। मामले के दो अन्य नामजद आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।








