Bihar : बिहार की राजनीति में अपने अलग अंदाज और दबंग छवि के लिये पहचाने जाने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनके घर बजने वाली शहनाई है। छोटी बेटी शिवांगी की शादी को यादगार बनाने के लिये ऐसी तैयारियां चल रही हैं, जिनकी चर्चा पूरे बिहार में हो रही है। कहीं कई बीघे जमीन पर भव्य पंडाल सज रहा है, तो कहीं मेहमानों के स्वागत के लिये शाही इंतजाम किये जा रहे हैं। खबर है कि शादी में करीब दो लाख मेहमानों को न्योता भेजने की तैयारी है। मेहमानों की थाली में 150 से अधिक व्यंजन परोसे जायेंगे। वहीं, शादी के मौके पर घुड़दौड़ का भी आयोजन होगा। इसमें पहला स्थान हासिल करने वाले को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर आने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी इनाम में दी जायेगी।
25 नवंबर को शिवांगी की शादी
मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां (लदमा) में होने वाली है। शिवांगी की शादी बिहटा के रहने वाले ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दूल्हे के लिये एक शानदार सफेद लैंड रोवर डिफेंडर भी मंगवाई गई है। शादी समारोह में इसे लेकर खास आकर्षण रहने की चर्चा है। नदवां गांव में करीब 10 बीघा जमीन पर आधुनिक पंडाल तैयार किया जा रहा है। मुख्य मंच और विवाह मंडप को सजाने के लिये बेंगलुरु समेत देश के प्रमुख शहरों और चीन से ताजे फूल मंगवाये जाने की जानकारी सामने आई है।
कौन हैं दूल्हे ऋषिकेश कुमार, जानें…
शिवांगी के होने वाले पति ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित का परिवार पटना जिले के बिहटा के कृष्णानगर इलाके से जुड़ा है। उनका जन्म दिल्ली में हुआ था। स्कूली शिक्षा गांधीनगर में हुई, जहां उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिये वह अमेरिका के जॉर्जिया गये। उन्होंने जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA किया और लंबे समय तक अमेरिका में रहकर अपना करियर बनाया। अब शादी के लिये वह बिहार लौट रहे हैं। ऋषिकेश के पिता रणविजय सिंह का करियर भी काफी अहम रहा है। उन्होंने NDRF और NSG में सेवाएं दी हैं। फिलहाल वह दिल्ली में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) में ऑपरेशन हेड के रूप में कार्यरत बताये जा रहे हैं।
बहू के स्वागत के लिये तैयार नया आशियाना
शादी की तैयारियां सिर्फ अनंत सिंह के गांव तक सीमित नहीं हैं। दूल्हे के घर भी उत्सव का माहौल है। बिहटा के कृष्णानगर में ऋषिकेश के परिवार ने नई बहुमंजिली इमारत तैयार कराई है। 11 नवंबर को इसी नये घर में शुभ गृहप्रवेश का कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद शादी की रस्मों और मेहमानों के स्वागत की तैयारियां और तेज होंगी। शादी के बाद 26 नवंबर को शिवांगी के इस नये घर में पहुंचने की बात कही जा रही है।
दो लाख मेहमान, भोजपुरी-बॉलीवुड सितारों की भी चर्चा
इस शादी को लेकर मेहमानों की सूची भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि करीब दो लाख लोगों को न्योता भेजने की तैयारी है। राजनीतिक गलियारों से लेकर सामाजिक और फिल्मी जगत तक की कई चर्चित हस्तियों को आमंत्रित किये जाने की बात कही जा रही है। भोजपुरी और बॉलीवुड के कई कलाकारों के शामिल होने और प्रस्तुति देने की भी चर्चा है। इनमें उदित नारायण, सोनू सूद, मैथिली ठाकुर, रवि किशन, मनोज तिवारी और पवन सिंह जैसे नाम शामिल बताये जा रहे हैं। हालांकि, इनकी उपस्थिति की आधिकारिक पुष्टि अलग से नहीं हुई है।
नीतीश से लालू तक को न्योते की चर्चा
बेटी की शादी के बीच अनंत सिंह का राजनीतिक घटनाक्रम भी चर्चा में है। हालिया MLC चुनाव के दौरान पार्टी के निर्देशों से अलग रुख अपनाने के बाद जनता दल (यूनाइटेड) ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। बताया गया कि अनंत सिंह ने पार्टी के प्रवक्ता और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था। चुनाव में नीरज कुमार को जीत मिली थी। शादी के न्योते को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा है। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह ने विभिन्न दलों के नेताओं और कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रण भेजा है। हालांकि, अलग-अलग नेताओं को निमंत्रण मिलने की खबरों में अंतर है।








