Meerut : बीती रात लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर में एक कपड़ा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में लगी आग ने छह लोगों की जिंदगी छीन ली। मरने वालों में पांच मासूम बच्चे और एक महिला शामिल हैं। दो छह महीने की जुड़वा बहनें भी इस हादसे का शिकार हो गईं। मृतकों की पहचान रुखसार (30), अकद्दस (3), नाबिया (6 माह), इनायत (6 माह), महविश (12) और हम्माद (4) के रूप में हुई है। इकबाल अहमद की पत्नी अमीर बानो (55) गंभीर रूप से झुलसी हैं, उनका इलाज जारी है। यह भीषण अग्निकांड यूपी के मेरठ से सामने आया है।
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
सिटी SP आयुष विक्रम सिंह के मुताबिक, रात करीब 9:30 बजे 112 नंबर पर सूचना मिली। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घर में एम्ब्रॉयडरी और पावरलूम का काम होता था, जिससे आग तेजी से फैल गई। मकान तक पहुंचने वाली गली बेहद संकरी थी। फायर ब्रिगेड की टीम को पड़ोसी की छत के रास्ते अंदर घुसना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। झुलसे लोगों को निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के वक्त कारोबारी इकबाल अहमद और उनके दोनों बेटे नमाज पढ़ने मस्जिद गये थे। घर में महिलाएं और बच्चे ही मौजूद थे। आग लगते ही धुआं पूरे मकान में भर गया और मुख्य दरवाजे से लपटें निकलने लगीं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
CM योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुये मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। DM डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस हादसे के बाद किदवई नगर में मातम पसरा है। एक ही परिवार की हंसी कुछ ही मिनटों में चीखों में बदल गई।








