Ranchi(Akhilesh Kumar) : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के लोवाडीह बीती रात निर्मला स्कूल के ठीक सामने स्थित उमा मोटरसाइकिल गैरेज में भयंकर आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। सड़क से गुजर रहे लोगों ने तुरंत गैरेज मालिक को खबर दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, मगर गैरेज के अंदर रखा हवा मशीन, बाइक के इंजन, स्पेयर पार्ट्स, बैटरी और कई जरूरी टूल्स पूरी तरह जलकर राख हो गये। गैरेज मालिक के मुताबिक इस घटना में करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। गैरेज के पीछे एक मूर्तिकार का परिवार भी रहता था। वहां कई मूर्तियां तैयार की जा रही थीं, आग की चपेट में आकर वे मूर्तियां भी जलकर राख हो गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना असामाजिक तत्वों की हरकत हो सकती है। इलाके के कुछ लोगों का कहना है कि जियाडा मार्ग में घुसते ही एक जर्जर खंडहरनुमा भवन है, जो अब नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। दिन हो या रात, वहां युवा लड़के-लड़कियों का जमावड़ा लगा रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वहां बैठकर चरस, अफीम, शराब और गांजा का खुलेआम सेवन होता है। लोगों का कहना है कि इस कारण पूरे इलाके का माहौल बिगड़ चुका है। कई बार पुलिस को शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी और छिनतई की घटनाएं भी हो चुकी हैं। कुछ युवतियों के वहां शराब के नशे में रहने और गलत गतिविधियों में शामिल होने की भी चर्चा है। लोगों का कहना है कि कुछ नशेड़ी और टेंपो चालक भी इस पूरे नेटवर्क में सहयोग करते हैं।











