Dhanbad : कोयले की काली धरती कराह उठी। धनबाद के कतरस में BCCL एरिया-4 अंतर्गत अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में संचालित अंबे आउटसोर्सिंग कंपनी की ओपन कास्ट परियोजना में अचानक ओबी स्लाइड हुआ और एक सर्विस वैन 400 फीट गहरी खाई में समा गई। उस वैन में बैठे चार से पांच मजदूर पलक झपकते ही खाई और पानी से भरे गड्ढे में गिर गये।
स्थानीय लोग सिहर उठे—कुछ चीखें गूंजीं, फिर सबकुछ सन्नाटे में बदल गया। मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे की खबर मिलते ही BCCL अधिकारी, रेस्क्यू टीम, कतरास थाना, रामकनाली व अंगारपथरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। रस्सी के सहारे खाई में उतरे बचावकर्मी, वहीं जेसीबी से रास्ता बनाने का प्रयास जारी। अब तक दो मजदूरों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया, जबकि दो मजदूरों की मौत की पुष्टि बाघमारा सीओ गिरिजानंद किस्कू ने की है। दो शव खाई के बीच पत्थरों में फंसे हुये हैं। दो मजदूर गहरे पानी में समा गये, जिनकी तलाश में NDRF की टीम को बुलाया गया है।
यूनियन का आरोप
यूनियन नेताओं ने प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा डीजीएमएस के नियमों का उल्लंघन कर उत्खनन किया जा रहा था। सही ट्रेंच कटिंग न होने से यह हादसा हुआ। हादसे के समय पास की बस्ती में भू-धंसान भी हुआ, जिससे कई घर जमींदोज हो गये। गुस्साए लोग कह रहे हैं – “यह सिर्फ हादसा नहीं, लापरवाही से हुई मौत है।”
राजनीति भी गरमाई
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा “यह बीसीसीएल प्रबंधन की घोर लापरवाही है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाये। कम से कम 6 मजदूरों की मौत की बात सामने आई है।” फिलहाल BCCL अधिकारियों की तरफ से घटना को लेकर कुछ स्पष्ट जबाव सामने नहीं आया है।








