Hazaribagh : हजारीबाग के चुरचू प्रखंड के खरकनवा जंगल में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। 19 साल के निरंजन कुमार जब अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहा था, तभी झुंड से भटका एक हाथी अचानक उसके सामने आ गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, हाथी ने उसे बेरहमी से कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने चीख-पुकार मचाते हुये पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। आंगो थाना और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिये हजारीबाग भेजा गया। परिवार में कोहराम मचा है, बुजुर्गों की आंखें नम हैं, मां-बाप की रुलाई रुकने का नाम नहीं ले रही। ग्रामीणों के अनुसार, यह हाथी कई दिनों से झुंड से बिछड़कर आसपास के इलाकों में भटक रहा था। लोग खेतों में काम करने और जंगल के रास्तों से गुजरने से डर रहे थे। वन विभाग ने पहले ही सतर्क रहने की अपील की थी। ग्रामीणों का कहना है कि “हर रात डर के साये में बीतती थी, लेकिन आज वह डर हकीकत बन गया।” वन विभाग ने दोबारा अपील की है कि लोग जंगल के रास्तों से अकेले न गुजरें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
इसे भी पढ़े : खूबसूरत काजल लपेटी कईयों को, कहानी सुन रह जायेंगे दंग…








