Ranchi : रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है, और शहर क्रिकेट के रंग में पूरी तरह रंग चुका है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी है। सुबह 9 बजे से ही स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ उमड़ने लगी, कहीं कोहली की जर्सी चमक रही है तो कहीं रोहित शर्मा के नाम के नारे गूंज रहे हैं। पूरा स्टेडियम नीली जर्सियों से जगमगा उठा है। दिलचस्प यह है कि रोमांच का यह मंजर सिर्फ रांची या झारखंड तक सीमित नहीं रहा। देश–विदेश से आये फैंस भी कतार में नजर आये। सबका कहना है—“रांची में इंटरनेशनल मैच बार-बार नहीं मिलता, इसलिए यह दिन हमारे लिए त्योहार जैसा है।”
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए JSCA और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किये हैं। हर गेट पर पुलिस तैनात है, ड्रोन निगरानी चल रही है और क्विक रिस्पॉन्स टीम लगातार गश्त कर रही है। माही यानी महेंद्र सिंह धोनी के शहर रांची में आज विराट, रोहित और टीम इंडिया के बाकी सितारों को देखने का जुनून चरम पर है। बाहर का माहौल किसी मेले से कम नहीं, फैंस चेहरे पर तिरंगा पेंट करा रहे हैं, जगह-जगह नीली जर्सियां, झंडे और बैंड बिक रहे हैं। स्टेडियम के अंदर सीटें भर चुकी हैं और हर चौके–छक्के पर उठने वाला शोर बता रहा है कि रांची एक बार फिर अपने क्रिकेट प्रेम का दमदार सबूत दे रहा है। आज का दिन रांची में सिर्फ और सिर्फ क्रिकेट का है।










