Ramgarh : नेमरा की धरती पर आज इतिहास साक्षी बनी, पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में लाखों की भीड़ उमड़ी। राज्य के कोने-कोने से आए लोग और देशभर के गणमान्यजन “बाबा” को श्रद्धा सुमन अर्पित करने पहुंचे। CM हेमंत सोरेन ने भावुक होकर आभार जताते हुये कहा “कठिन परिस्थितियों में जनता ने हमारे साथ खड़े होकर हमें संबल दिया। बाबा भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वे झारखंड के मार्गदर्शक और पथप्रदर्शक के रूप में सदैव याद रखे जायेंगे।”
इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कई केंद्रीय व राज्य मंत्रिगण, सांसद, विधायक और सामाजिक व राजनीतिक हस्तियां शामिल रहीं। सभी ने गुरुजी के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके त्याग और झारखंड आंदोलन में दिए योगदान को याद किया। लोगों ने कहा “बाबा सिर्फ़ आदिवासी समाज ही नहीं, पूरे राज्य के अभिभावक थे। वे त्याग और संघर्ष की मिसाल थे। उन्हें हम कभी भूल नहीं पाए थे, ना भूल पायेंगे।” प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था और मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत देखरेख में आयोजन शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित रहा। लाखों की भीड़ ने बाबा को नमन किया और भारी मन से लौट गई।














