Bihar : बिहार विधानसभा में कार्यवाही शुरू होते ही वित्त मंत्री ने बजट 2026-27 सदन के पटल पर रखा। ‘संपन्न बिहार, समृद्ध बिहार’ थीम पर पेश इस बजट का कुल आकार 3.44 लाख करोड़ रुपये है। सरकार ने विकास, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने को अपनी प्राथमिकता बताया है। उद्योग और रोजगार को रफ्तार देने के लिए उद्योग क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नये निवेश, स्टार्टअप और लघु उद्योगों के जरिये युवाओं के लिए रोजगार सृजन का दावा किया गया है। वहीं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संबल देने के लिए हाट-बाजार विकास योजना के विस्तार की घोषणा हुई है, जिससे किसानों और छोटे कारोबारियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
किसानों के लिए चौथे कृषि रोड मैप पर खास जोर दिया गया है। उत्पादन, सिंचाई, भंडारण और मार्केटिंग को बेहतर बनाकर किसानों की आय बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का दावा है कि यह बजट बिहार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है।








