Deoghar : डॉक्टर से इलाज कराकर टोटो से अपने घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवर लेकर उचक्के फरार हो गये। यह दुस्साहसिक वारदात देवघर में कास्टर टाउन के रेड रोज के पास हुआ। इल्जाम है कि दो बाइक पर सवार चार युवकों ने टोटो रुकवाया और महिला को बातों में उलझाकर उनके करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवर लेकर फरार हो गये। यह मामला नगर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता बावनबीघा निवासी 76 साल की अंजेला सिंह ने घटना को लेकर नगर थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के अनुसार, वह दोपहर करीब 2.15 बजे होम्योपैथिक डॉक्टर के यहां से टोटो में बैठकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान संताल पहाड़िया सेवामंडल के समीप दो बाइक पर सवार चार युवकों ने टोटो को रोक लिया। एक बाइक पर सवार दो युवक टोटो चालक के पास पहुंचे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक महिला के पास गये। महिला का आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार युवकों ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें टोटो से नीचे उतार दिया। इस दौरान आरोपियों ने ऐसी स्थिति बनाई कि महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही उनके सोने के आभूषण गायब हो गये। पीड़िता के मुताबिक, बाइक सवार युवकों ने टोटो चालक को भी बाजला चौक पर रोकने के लिये दो बार आवाज लगाई थी। घटना के बाद चारों युवक वहां से फरार हो गये।
दो कंगन और अंगूठी, करीब 3.5 लाख का नुकसान
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों के हाथ सोने के दो कंगन और एक अंगूठी लगे हैं। इनकी कुल कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है। महिला ने मीडिया को बताया कि दोनों कंगन उन्होंने हाल ही में खरीदे थे। घटना के बाद पीड़िता अपने दामाद और अन्य परिजनों के साथ नगर थाना पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुये कार्रवाई की मांग की। पुलिस जांच में जुटी है।





