Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के चिनियां प्रखंड में आज दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला 2026 में 73 युवाओं के हाथों में नियुक्ति पत्र मिले। कार्यक्रम का शुभारंभ पांच बेरोजगार युवतियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। रोजगार मेले में 18 नामी कंपनियों ने दस्तक दी। इनमें जन शिक्षण संस्थान, एआईएसईसीटी मेगा स्किल, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, एसआईएस इंडिया, एल एंड टी कंस्ट्रक्शन और बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय जैसे बड़े नियोक्ता शामिल रहे। कुल 2551 पद सेल्स ऑफिसर से लेकर नर्सिंग ट्यूटर, इलेक्ट्रिशियन से सिक्योरिटी गार्ड तक, हर हुनर के लिये एक मौका था। मेले में मिली नौकरियां सिर्फ जिले तक सीमित नहीं रहीं। गढ़वा, पलामू, चतरा के साथ-साथ बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों तक रोजगार के दरवाजे खुले।
500 युवाओं ने आजमाया भाग्य, 73 को मिला ऑफर लेटर
जिले भर से 500 से अधिक युवा-युवतियां उम्मीदों का बायोडाटा लेकर पहुंचे। इंटरव्यू, स्किल टेस्ट और दस्तावेज जांच के बाद 121 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट किये गये। इसमें 73 युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र मिला। जब ऑफर लेटर हाथ में आया, तो कई आंखें खुशी से नम हो उठीं। जिला नियोजन पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि ने युवाओं को बधाई देते हुये कहा कि “सिर्फ डिग्री नहीं, स्किल ही आज की असली ताकत है। कौशल होगा तो नौकरी भी मिलेगी और स्वरोजगार के रास्ते भी खुलेंगे।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे रोजगार संबंधी खबरों और विभागीय सूचनाओं पर लगातार नजर रखें।










