UP : नवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने वाला बड़ा कदम उठाया गया। राज्य सरकार ने निवेश को जमीन पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ते हुये 45 कंपनियों को इंसेंटिव और 62 कंपनियों को लेटर ऑफ कंफर्ट (LOC) प्रदान किये। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिये महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। CM ने कहा कि इन प्रस्तावों के माध्यम से करीब ₹50,000 करोड़ के निवेश का रास्ता साफ हुआ है। इससे प्रदेश में लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है। उन्होंने सभी उद्यमियों को बधाई देते हुये कहा कि सरकार निवेश को तेजी से जमीन पर उतारने के लिये प्रतिबद्ध है। CM योगी ने कहा कि सरकार MOU के बाद निवेश से जुड़े छोटे-छोटे मुद्दों का त्वरित समाधान करेगी और उद्योगों के लिये बेहतर माहौल सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि उद्यमियों का विश्वास ही विकास की असली ताकत है। उसी भरोसे के साथ उत्तर प्रदेश को निवेश, रोजगार और औद्योगिक प्रगति का अग्रणी केंद्र बनाया जायेगा। CM योगी ने कहा कि निवेशकों का विश्वास ही प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है और सरकार इसे मजबूत बनाने के लिये लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में इंडस्ट्री-रेडी वर्कफोर्स, बड़ी संख्या में कुशल युवा मानव संसाधन और मजबूत कंज्यूमर बेस उपलब्ध है, जो निवेश के लिए बेहद अनुकूल माहौल प्रदान करता है। CM ने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे प्रदेश में खुलकर निवेश करें, क्योंकि यहां स्केलेबल बिजनेस के लिये जरूरी संसाधन और संभावनायें मौजूद हैं। इस अवसर पर केशव प्रसाद मौर्य, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सुनील कुमार शर्मा एवं जशवंत सैनी सहित कई आला अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सरकार का दावा है कि इन निवेश प्रस्तावों से उत्तर प्रदेश रोजगार, उद्योग और आर्थिक विकास के नये दौर की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।
इसे भी पढ़ें : नीतीश कुमार फिर बने JDU के ‘सर्वेसर्वा’, चौथी बार चुने गये निर्विरोध…














