UP : UP के मेरठ के हस्तिनापुर स्थित मखदुमपुर गंगा घाट पर बीते कल एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसने पूरे जलालपुर गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। एक ही परिवार के चार चचेरे भाई गंगा में डूब गये और देखते ही देखते हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब सैनी परिवार अपनी 100 वर्षीय दादी भगवती देवी के अंतिम संस्कार के लिए घाट पर पहुंचा था।
UP के मेरठ के हस्तिनापुर के मखदुमपुर गंगा घाट पर हुआ हादसा
अंतिम संस्कार के बाद अभिषेक (21), हिमांशु (17), दीपांशु (17) और प्रियांशु (15) अपने एक रिश्तेदार प्रदीप के साथ गंगा में स्नान करने उतरे। लेकिन कुछ ही देर में सभी गहरे पानी की चपेट में आ गये। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाने की कोशिश शुरू की। इसी दौरान गांव के ही युवक राहुल ने अपनी जान की परवाह किये बिना गंगा में छलांग लगाकर प्रदीप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मगर चारों भाई तेज बहाव में बहते हुये आंखों से ओझल हो गये।

चारों थे होनहार, परिवार की उम्मीद
डूबने वाले चारों युवक पढ़ाई में तेज और परिवार की उम्मीद माने जाते थे। अभिषेक LLB का छात्र था, जबकि बाकी तीनों स्कूल में पढ़ रहे थे। परिवार को क्या पता था कि दादी को अंतिम विदाई देने का यह सफर उनके बेटों का भी आखिरी सफर बन जायेगा। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। चारों की मांएं बेसुध होकर रोती रहीं। पिता सोनू बार-बार यही कहते रहे—“मेरा सब कुछ खत्म हो गया…” अब घर में सिर्फ एक बेटी ही बची है। घर में कोहराम मच गया।

रात भर चला सर्च ऑपरेशन
घटना की गंभीरता को देखते हुये पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। SSP अविनाश पांडेय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीएसी की फ्लड टीम, गोताखोर और हाई-मास्ट लाइट की मदद से पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देर रात तक चारों युवकों का कोई पता नहीं चल सका। जलालपुर गांव में हर घर गमगीन है। जिस आंगन में कभी हंसी गूंजती थी, वहां अब सिर्फ सिसकियां सुनाई दे रही हैं।
इसे भी पढ़ें : Ranchi News : बाउंसर लेकर पहुंचे थे जमीन हथियाने, ग्रामीणों ने गजब का खदेड़ा… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : Petrol-Diesel : प्रीमियम या साधारण पेट्रोल, गाड़ी के लिए कौन-सा सही… जानें












