Ranchi : लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो रही है। चार दिनों तक राजधानी रांची सूर्य उपासना और छठी मइया की भक्ति में डूबी रहेगी। 15 नवंबर को लाखों श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। इस बार छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मानसून में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक बारिश होने के कारण रांची के नदी, तालाब और जलाशय पानी से लबालब हैं। ऐसे में घाटों पर जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। इसे देखते हुए नगर निगम और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, सफाई और रोशनी के व्यापक इंतजाम किये हैं।
135 घाटों पर होगी छठ पूजा
राजधानी में कुल 135 छठ घाट तैयार किये जा रहे हैं। इनमें 72 नदी-तालाब और 63 कृत्रिम घाट शामिल हैं। अलग-अलग मोहल्लों और कॉलोनियों में पोकलेन मशीनों की मदद से कृत्रिम घाट बनाये जा रहे हैं। महिला व्रतियों की सुविधा के लिये 501 चेंजिंग रूम तैयार किये जा रहे हैं। हाई रिस्क वाले घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। लाल रिबन से खतरनाक स्थानों की घेराबंदी के साथ 260 चेतावनी बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर स्ट्रीट लाइट के अलावा 1500 अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएंगी। बिजली व्यवस्था के लिये 83 जनरेटर भी लगाये जायेंगे। सफाई व्यवस्था के लिए 1200 सफाई मित्रों के साथ 200 अतिरिक्त सफाई मित्रों को लगाया गया है। वहीं, संवेदनशील घाटों पर NDRF की टीम और गोताखोरों की तैनाती भी की जा रही है।
रांची के छह प्रमुख छठ घाटों पर ऐसी है व्यवस्था
1. कांके डैम: 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
2. सरोवर नगर: देवी मंडप रोड से पांच किलोमीटर दूर घाट
पिस्का मोड़, देवी मंडप रोड, हेसल, ओझा मार्केट रोड, जतरा मैदान और चित्रगुप्त कॉलोनी से करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। देवी मंडप रोड से घाट की दूरी लगभग पांच किलोमीटर है। चुनौती: कांके डैम की ओर जाने वाली सड़क खराब है। जलाशय में पानी अधिक होने के कारण बैरिकेडिंग के आगे श्रद्धालुओं को जाने से रोकना प्रशासन के लिए चुनौती होगी। सुविधा: पांच चेंजिंग रूम बनाये गये हैं। युवा सहयोग छठ पूजा समिति की ओर से पूजा सामग्री और अर्घ्य के लिये दूध उपलब्ध कराया जायेगा। सजावट और पार्किंग: घाट पर आकर्षक विद्युत सजावट की जा रही है। डैम साइड जाने वाले रास्ते और अखड़ा मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
3. हटनिया तालाब: 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़
4. बड़ा तालाब: 20 हजार से अधिक श्रद्धालु, भीड़ संभालना चुनौती
अपर बाजार, हरमू रोड, लेक रोड, पुरानी रांची और मेन रोड सहित कई इलाकों से 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। हरमू रोड से बड़ा तालाब की दूरी करीब एक किलोमीटर है। चुनौती: श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण घाट पर पर्याप्त जगह उपलब्ध कराना और भीड़ को नियंत्रित करना सबसे बड़ी चुनौती होगी। सुविधा: यहां 12 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। स्टूडेंट फेडरेशन छठ पूजा समिति के 76 कार्यकर्ता व्यवस्था संभालेंगे। सुरक्षा के लिये NDRF की टीम और गोताखोर तैनात रहेंगे। सजावट और पार्किंग: लेक रोड और पुरानी रांची की ओर आकर्षक सजावट की जा रही है। किशोरगंज चौक से बड़ा तालाब जाने वाले रास्ते में सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
5. जोड़ा तालाब, बरियातू: 11 हजार व्रतियों के पहुंचने का अनुमान
6. करमटोली तालाब: मुख्य सड़क के ठीक बगल में छठ घाट
बरियातू रोड, मोरहाबादी, आदिवासी हॉस्टल रोड, डिप्टी पाड़ा गली और सर्कुलर रोड से पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। करमटोली चौक के बगल में ही छठ घाट स्थित है। चुनौती: तालाब के चारों ओर घाट नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर व्रतियों को पर्याप्त जगह उपलब्ध कराना मुश्किल हो सकता है। सुविधा: यहां छह चेंजिंग रूम बनाये गये हैं। करमटोली छठ महापर्व एवं सोहराई जतरा समिति के अनुसार घाट की सफाई और बैरिकेडिंग का काम पूरा हो चुका है। व्रतियों के बीच फल और दूध का वितरण भी किया जायेगा। सजावट और पार्किंग: तालाब के चारों ओर लाइटिंग और फूलों से सजावट होगी। वाहन क्लब के पास, आईएमए भवन और मोरहाबादी जाने वाली सड़क के किनारे पार्क किये जा सकेंगे।
नगर आयुक्त की अपील: सुरक्षा नियमों का करें पालन
नगर आयुक्त सुशांत गौरव के हवाले से मीडिया में आई खबर के अनुसार, छठ व्रतियों के स्वागत के लिये 14 नवंबर तक सभी घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली जायेंगी। पानी की सफाई के लिये फिटकरी, ब्लीचिंग पाउडर और चूना डाला जाएगा। रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। हाई रिस्क वाले घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ सुरक्षा चेतावनी बोर्ड भी लगाये जा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और बैरिकेडिंग के पार गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। छठ महापर्व श्रद्धा, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है। घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ के बीच प्रशासन की तैयारियों के साथ श्रद्धालुओं की अपनी सतर्कता भी बेहद जरूरी है। बच्चों को पानी के किनारे अकेला न छोड़ें, निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही अर्घ्य दें और चेतावनी वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करें।









