Ranchi : रांची में अश्लील वीडियो वायरल करने के इल्जाम में पुलिस ने 24 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। यह मामला लोअर बाजार थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को पीड़िता ने लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी अभियुक्त सौरभ लिण्डा पर यौन शोषण और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर लोअर बाजार थाना में केस (कांड संख्या 139/2026) दर्ज किया गया। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 67 और 67A के तहत भी कार्रवाई की गई है।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुये रांची पुलिस कप्तान के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त सौरभ लिण्डा को अरेस्ट कर लिया। वह रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र के नया सराय बस्ती का रहनेवाला है। पुलिस ने मामले में कथित तौर पर इस्तेमाल किये गये दो मोबाइल फोन भी आरोपी के पास से बरामद किये हैं।दोनों मोबाइल को विधिवत जब्ती सूची तैयार कर पुलिस ने जब्त कर लिया है। जांच के दौरान इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाये जाने की संभावना है।








