Kohramlive : कुछ रिश्ते खून से नहीं, दिल से बनते हैं। उन्हें किसी नाम की जरूरत नहीं होती, सिर्फ सच्चे अपनापन की। अभिनेता अनुपम खेर ने एक बार फिर यह एहसास दुनिया के सामने रखा है। अपने सबसे करीबी दोस्त और दिवंगत अभिनेता सतीश कौशिक की बेटी वंशिका के 14वें जन्मदिन पर अनुपम खेर ने ऐसा भावुक संदेश लिखा कि सोशल मीडिया पर हजारों लोगों की आंखें नम हो गईं। 15 जुलाई को वंशिका के जन्मदिन पर अनुपम खेर ने कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किये, जिनमें दोनों के बीच का स्नेह साफ नजर आता है। उन्होंने लिखा कि ईश्वर वंशिका को लंबी, खुशहाल और सफल जिंदगी दे तथा उसके हर सपने को पूरा करने की शक्ति प्रदान करे। लेकिन सबसे ज्यादा लोगों का दिल उस पंक्ति ने छुआ, जिसमें उन्होंने लिखा, “तुम मेरी बेटी हो। जब सतीश हमारे साथ थे, तब भी मैं तुम्हें अपनी बेटी और दोस्त की तरह ही मानता था। कुछ रिश्ते खून से नहीं, बल्कि प्यार, भरोसे और अपनापन से बनते हैं। हमारा रिश्ता भी ऐसा ही है।” अनुपम खेर का यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे दोस्ती, जिम्मेदारी और इंसानियत की सबसे खूबसूरत मिसाल बताया। कई यूजर्स ने लिखा कि कुछ रिश्ते जन्म से नहीं, बल्कि निभाने से बनते हैं और अनुपम खेर ने इसे अपने व्यवहार से सच साबित कर दिया।
‘तेरी शादी में कन्यादान करने का सौभाग्य मिले…’
अनुपम खेर ने अपने संदेश में वंशिका से एक ऐसा वादा भी किया, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। उन्होंने लिखा, “मैं हमेशा तुम्हारे साथ रहूंगा। तुम्हारी रक्षा करूंगा, तुम्हारा हौसला बढ़ाऊंगा और हर मुश्किल में तुम्हारा साथ दूंगा। कौन जानता है, कई साल बाद जब तुम शादी करने का फैसला करोगी, तो शायद मुझे तुम्हारा कन्यादान करने का सौभाग्य भी मिले।” उन्होंने यह भी कहा कि उस दिन में अभी समय है, लेकिन यह सोचकर ही उनका दिल प्यार से भर जाता है।
दोस्त को याद कर छलक पड़े जज्बात
अपने संदेश के अंत में अनुपम खेर ने अपने दिवंगत मित्र सतीश कौशिक को याद करते हुये लिखा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आज वह जहां भी होंगे, अपनी बेटी को मुस्कुराते हुये आशीर्वाद और ढेर सारा प्यार भेज रहे होंगे। सतीश कौशिक के निधन के बाद अनुपम खेर सिर्फ एक दोस्त की भूमिका में नहीं रहे, बल्कि वंशिका के लिये परिवार बनकर खड़े हुये।वह अक्सर वंशिका के स्कूल कार्यक्रमों और खास मौकों पर उनके साथ नजर आते हैं। वंशिका भी कई बार कह चुकी हैं कि पिता के जाने के बाद अनुपम खेर ने उन्हें कभी अकेलापन महसूस नहीं होने दिया।
इसे भी पढ़ें : बेटे ने पिता पर बरसाईं 7 गो’लियां, मौके पर मौ’त…
इसे भी पढ़ें : धनबाद में बाथरूम में मिले दो महिलाओं के श’व, जांच में जुटी पुलिस
इसे भी पढ़ें : श्रावणी मेला पर वीडियो बनाइये, सरकार देगी 3 लाख रुपये तक का ईनाम…
इसे भी पढ़ें : गढ़वा में छात्राओं को बताया कानून का सुरक्षा कवच…
इसे भी पढ़ें : बड़कागांव थाना पहुंचे SP, दिये ये टास्क…








