UP : उत्तर प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को सीधी चुनौती देकर राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। बलरामपुर के उतरौला स्थित कालूबनकट में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में योगी ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ें, वह भी मुकाबले के लिये तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आमने-सामने की लड़ाई से पता चल जायेगा कि किसमें कितना दम है।
803 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में 803 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक भी सौंपे गये। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नये भारत का निर्माण हो रहा है। बलरामपुर में विकास कार्यों को गति दी जा रही है और जिले में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या उनके लिये आस्था का केंद्र है। वहां विकास कार्यों में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिये। उन्होंने अयोध्या, काशी और मां विंध्यवासिनी धाम में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुये कहा कि सरकार धार्मिक विरासत के संरक्षण और विकास के लिये प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और बाढ़ की समस्या के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। रोजगार के अवसर बढ़ाने और शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर भी काम हो रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना समेत जिले में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया।
दंगा और अपराध पर सख्त रुख का दावा
योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगाइयों को प्रोत्साहित किया जाता था, लेकिन अब कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार सख्त है। उन्होंने बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात कही। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर विकास कार्यों का विरोध करने और राजनीतिक विरोध के नाम पर अराजकता फैलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बलरामपुर के विकास के लिये धन की कमी नहीं होने दी जायेगी और किसानों, व्यापारियों तथा युवाओं की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास जारी रहेगा।





