Ranchi : चुनावी व्यवस्था में निष्पक्षता और पारदर्शिता का मुद्दा उठाते हुये झारखंड कांग्रेस ने शनिवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में ‘काला दिवस’ मनाया। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने SIR को रद्द करने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। राजधानी रांची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक सुरेश बैठा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से निकले। काली पट्टी और मांगों से लिखी टी-शर्ट पहनकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। यहां काले गुब्बारे आसमान में उड़ाकर विरोध जताया गया।
‘ज्ञानेश कुमार को हटाने तक जारी रहेगा आंदोलन’
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। पार्टी ने उन्हें पद से बर्खास्त करने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के निर्देश पर देशभर में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता काला दिवस मना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा परिस्थितियां लोकतंत्र के लिये खतरा पैदा कर रही हैं। केशव महतो कमलेश ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग पूरी होने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। रांची में हुये प्रदर्शन में कांग्रेस के महासचिव सुरेंद्र सिंह, ज्योति सिंह मथारू, रविन्द्र सिंह, सतीश पॉल मुंजनी,जगदीश साहू, फिरोज रिजवी मुन्ना, सलीम खान, सूर्यकांत शुक्ल, आलोक दुबे, नरेंद्र लाल गोपी, प्रभात कुमार, लाल किशोरनाथ शाहदेव, आभा सिन्हा, रमा खलखो, नीलम सहाय, प्रदीप तुलस्यान, उज्ज्वल तिवारी, निशांत जायसवाल, जॉन डंगवार और आशुतोष पाठक समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।





