Kohramlive : भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर इंदौर में क्रिकेट का खुमार गजब का है। शनिवार को जैसे ही दोनों टीमें शहर पहुंचीं, एयरपोर्ट से लेकर होटल तक प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। हर कोई अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पाने को बेताब नजर आया। खिलाड़ियों ने भी हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया।दोनों टीमें शनिवार दोपहर चार्टर्ड विमान से इंदौर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। इसके बाद खिलाड़ियों की बस सुपर कॉरिडोर से होते हुये होटल पहुंची। होटल के बाहर भी प्रशंसकों की भीड़ जमा रही। क्रिकेट प्रेमियों में खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी और शुभमन गिल को देखने का उत्साह नजर आया। होटल में कर्मचारियों ने तिलक लगाकर दोनों टीमों का स्वागत किया।
गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर पहुंचे स्टेडियम
एयरपोर्ट से गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर सीधे होलकर स्टेडियम के लिये रवाना हो गये। वहीं, तिलक वर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन और मयंक यादव समेत अन्य खिलाड़ी होटल पहुंचे। शाम को दोनों टीमों के अभ्यास के लिये स्टेडियम पहुंचने की भी योजना थी। ऐसे में खिलाड़ियों को करीब से देखने की उम्मीद में प्रशंसक वहां भी जुटने को तैयार नजर आये।इस बार भारतीय टीम में इंदौर का कोई खिलाड़ी शामिल नहीं है। हालांकि, शहर के अंपायर नितिन मेनन मुकाबले में थर्ड अंपायर की भूमिका निभायेंगे। मैच को लेकर स्टेडियम के बाहर भारतीय टीम की टी-शर्ट और लोगो की बिक्री भी होती दिखी। मैच का रोमांच टिकटों की मांग में भी नजर आ रहा है। वेबसाइट पर स्टेडियम के ज्यादातर टिकट बिक चुके हैं, जबकि ऑफलाइन टिकट हासिल करने के लिये लोग स्टेडियम के आसपास चक्कर लगाते दिखे।









