Ranchi : राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर शनिवार को SIR के तहत मतदाता सूची से कथित तौर पर लाखों नाम हटाये जाने के विरोध में प्रदर्शन हुआ। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को दूर करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद नौशाद ने मुख्य चुनाव आयुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कथित तौर पर गलत तरीके से मतदाताओं के नाम हटाकर चुनाव कराये गये हैं, वहां नाम दोबारा जोड़े जायें और चुनाव रद्द कर फिर से मतदान कराया जाये।उन्होंने चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराने की मांग भी उठाई।
‘मताधिकार छीनना संविधान पर हमला’
मोहम्मद नौशाद ने कहा, “मताधिकार छीनना संविधान पर हमला है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।” प्रदर्शन के दौरान एहतेशाम परवीन, अजय कुमार सहित अन्य लोगों ने भी अपनी बातें रखीं। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदान प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा बनाये रखने की मांग की।









