Giridih : जिस रिश्ते पर भरोसा करके कोई महिला बेफिक्र होकर साथ चल दे, अगर वही रिश्ता उसके लिये खौफ की वजह बन जाये तो दर्द और भी गहरा होता है। गिरिडीह में ऐसा ही एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां अपनी चार साल की बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही एक महिला को उसके फूफेरे भाई ने कथित तौर पर बहला-फुसलाकर गाड़ी में बैठाया और फिर उसे गिरिडीह लाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। यह घटना धनवार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने 7 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में मुख्य आरोपी फूफेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ और जांच कर रही है।
बेटी को स्कूल छोड़ने निकली थी महिला
पीड़िता ने पुलिस को दिये बयान में बताया है कि उसका मायका गिरिडीह और ससुराल देवघर जिले में है। 1 अक्टूबर को वह अपनी चार साल की बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका फूफेरा भाई मिला। आरोप है कि उसने महिला को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और उसे गिरिडीह ले आया। महिला के मुताबिक, इसके बाद आरोपी उसे अपनी दुकान पर ले गया। दुकान के अंदर बने एक कमरे में उसे रखा गया और उसके साथ जबरदस्ती की गई। पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि आरोपी ने उससे कहा कि उसे कुछ अन्य लड़कों के साथ भी संबंध बनाने होंगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि इसके बाद तीन-चार युवक वहां पहुंचे। उसे रसगुल्ला दिया गया। महिला के मुताबिक, रसगुल्ला खाने के बाद वह बेहोश हो गई और अगले दिन शाम करीब चार बजे उसे होश आया। इस घटना के बाद वह काफी डरी हुई थी। उसने घरवालों को पूरी घटना की जानकारी दी और फिर 7 अक्टूबर को पुलिस के सामने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। गिरिडीह SP डॉ. बिमल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुये आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये स्पेशल टीम बनाई। टीम में खोरी महुआ SDPO अमरेंद्र कुमार, सदर SDPO जीतबाहन उरांव, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार, हीरोडीह के थानेदार महेश चंद्र और धनवार के थानेदार ब्रजेश कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे।





