डिजाइन के मामले में कंपनी ने Bonneville की पुरानी पहचान को छोड़ा नहीं है। बाइक में टियरड्रॉप शेप का फ्यूल टैंक, गोल LED हेडलाइट, पीशूटर एग्जॉस्ट, स्पोक व्हील्स और ट्विन रियर शॉक एब्जॉर्बर दिये गये हैं। यानी सड़क पर नजर पड़ते ही बाइक का रेट्रो अंदाज अपनी मौजूदगी दर्ज कराता है।
T40 में दिखेगा Heritage वाला रंग
Triumph Bonneville T40 को टू-टोन पेंट स्कीम के साथ पेश किया गया है। फ्यूल टैंक पर हाथ से पेंट की गई पिनस्ट्रिपिंग, क्रोम एक्सेंट और ब्रश्ड एल्युमीनियम इंजन कवर इसे प्रीमियम लुक देते हैं। यह बाइक एजियन ब्लू-फ्यूजन व्हाइट, मेरिडियन ब्लू-टैंजरीन ऑरेंज और न्यू इंग्लैंड व्हाइट-जेट ब्लैक कलर में उपलब्ध होगी।
T40 Black का अंदाज बिल्कुल अलग
अगर आपको चमकदार रेट्रो के बजाय थोड़ा डार्क और मस्कुलर लुक पसंद है, तो T40 Black ज्यादा पसंद आ सकती है। इसमें मैट प्यूटर ग्रे और मैट फैंटम ब्लैक पेंटवर्क के साथ ब्लैक इंजन केसिंग और ग्लॉस-ब्लैक अलॉय रिम्स दिये गये हैं। अलग रंग के स्टील स्पोक्स इसके लुक को और खास बनाते हैं। वहीं Bonneville T4 को फैंटम ब्लैक, कार्निवल रेड और कॉम्पिटिशन ग्रीन रंगों में पेश किया गया है।
350cc इंजन, 28.6 bhp की ताकत
नई Bonneville T40 सीरीज में Triumph का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर 350cc TR सीरीज इंजन दिया गया है। यह इंजन 28.6 bhp की पावर @ 7,000 rpm एवं 31.2 Nm का टॉर्क @ 5,500 rpm पैदा करता है। कंपनी ने Bonneville के लिये सिलेंडर हेड में बदलाव करते हुये इंजन को खास तौर पर ट्यून किया है। इसका फोकस लो और मिड-रेंज में बेहतर और आसानी से मिलने वाली परफॉर्मेंस पर रखा गया है।
क्रूज कंट्रोल से Cornering ABS तक
नई T40 और T40 Black में फीचर्स की कमी नहीं रखी गई है। बाइक में Road, Rain, Eco और दो कस्टमाइज करने योग्य राइडिंग मोड मिलते हैं। इसके अलावा क्रूज कंट्रोल, लीन-सेंसिटिव कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, USB-C चार्जिंग, फुल LED लाइटिंग, ऑटो-कैंसल इंडिकेटर, इमरजेंसी डिसेलरेशन वॉर्निंग जैसे फीचर्स भी दिये गये हैं।
रेट्रो बाइक में 4-इंच का TFT डिस्प्ले
बाहर से बाइक भले ही पुराने जमाने की याद दिलाए, लेकिन इसके फीचर्स पूरी तरह नये दौर के हैं। T40 और T40 Black में 4-इंच का राउंड TFT डिस्प्ले दिया गया है। इसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और Triumph के नेविगेशन ऐप के जरिए फुल-मैप नेविगेशन की सुविधा मिलती है। राइडर हैंडलबार स्विच और डिस्प्ले के जरिए कॉल, म्यूजिक, रूट प्लानिंग और कस्टमाइज्ड विजेट्स भी इस्तेमाल कर सकता है।





