रांची : अपनी शादी में बहक गये दूल्हे राजा। दूल्हा बनकर उत्साह में कर दिया ऐसा कारनामा, जो अब उसे खिला सकता है जेल की हवा। 13 दिसंबर को रांची के आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में शादी का समारोह था। रसूखदार लोग थे। बाराती उत्साह में रायफल लेकर दबंगई का प्रदर्शन कर रहे थे। यह देखकर दूल्हे का मन भी बावरा हो गया। फिर उसने थाम ली रायफल और कर दी एक के बाद एक ताबड़तोड़ 4 फायरिंग, लेकिन यह हर्ष फायरिंग उसके लिए अब मुसीबत बन गई है। आरोपी दूल्हा का यह कोई नया कारनामा नहीं है। इससे पहले भी मर्डर केस में उसका नाम आ चुका है। धोखाधड़ी के मामले में भी जेल भी जा चुका है।
इसे भी पढ़ें : जितना के बाबू नहीं, उतना के झुनझुना
शादियों में तमंचे पर डिस्को तो आपने कई देखे होंगे, लेकिन पहली बार हम आपको दिखा रहे हैं अपनी शादी में तमंचे पर डिस्को करने वाला दूल्हा। स्क्रीन पर जो वीडियो आप देख रहे हैं वह 13 दिसंबर की रात का है, जब दूल्हा बने शोभित सिंह ने अपनी शादी के दौरान एक रायफलधारी से उसकी बंदूक लेकर 4 राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान किसी ने वीडियो अपने कैमरे में कैद कर लिया और फिर वायरल हो गया यह वीडियो। मामला पुलिस तक पहुंचा। मामले के सत्यापन के बाद बरियातू थाना में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। दूल्हा शोभित सिंह और अज्ञात रायफलधारी को आरोपी बनाया गया है। आरोपी दूल्हा मोरहाबादी के लावण्या अपार्टमेंट में रहता है। अगर पुलिस का दावा सच निकला, तो उसे जेल जाना पड़ सकता है।
दागी है दूल्हे का इतिहास
आरोपी दूल्हे का यह कोई पहला कारनामा नहीं है। इसका पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी शोभित सिंह पहले भी धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा कोतवाली इलाके के एक होटल में हुई बैचलर्स पार्टी में एक युवक की हत्या के मामले में भी उसका नाम उछला था। इसे लेकर कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज है। उस वक्त बरियातू पुलिस ने शोभित को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं पंडरा के एक व्यवसायी की आत्महत्या के मामले में भी शोभित पर आरोप लगे थे। पंडरा ओपी में उसके खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था। इतने आपराधिक कारनामों का आरोपी दूल्हे के लिए जेल कोई नई जगह नहीं है। फिलहाल देखना ये कि वो इस मामले में कब जेल की सलाखों के पीछे पहुंचता है।
इसे भी पढ़ें : राजधानी…राजभवन के ठीक पास…उग्रवादी पोस्टर…अब क्या कहें…







