UP : यूपी के मोदीनगर की संजय नगर कॉलोनी में जो हुआ, उसने एक घर को उजाड़ दिया, वहीं, पूरे मोहल्ले की नींद उड़ा दी। शादी के महज आठ महीने बाद रिश्तों की जिस डोर को मजबूत होना था, वही डोर अब खून से सनी नजर आ रही है। घायल विपिन के पिता ने अपनी बहू ईशा और उसके मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उनका कहना है कि मेरठ निवासी ईशा शादी के बाद से ही बेटे से दूरी बनाये हुये थी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करती रही। परिजनों के अनुसार, सोमवार को खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। बात वहीं थमी नहीं। देर रात, जब विपिन गहरी नींद में था, तभी आरोप है कि ईशा ने उस पर हमला कर दिया और उसकी जीभ दांतों से काट ली। चीख-पुकार सुनकर परिजन पहुंचे तो विपिन खून से लथपथ था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है।
ससुर का आरोप ‘मायके से और भड़की आग’
मामले में एक और मोड़ तब आया, जब विपिन के पिता ने बहू के पिता पर आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया। इससे दोनों परिवारों के बीच तनाव और गहरा गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी ईशा को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अब केवल घरेलू विवाद नहीं, बल्कि गंभीर आपराधिक घटना है। हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।












